आठ दोपहिया वाहन बरामद, सदर बाजार थाना पुलिस ने की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। सदर बाजार थाना पुलिस ने दिल्ली-एनसीआर से वाहन चोरी कर उत्तर-प्रदेश में वाहन बेचने के दो आरोपियों को पकड़ा है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए आठ दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। आरोपियों की पहचान बरेली, उत्तर प्रदेश निवासी फैज (20) और फैजान (26) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, दोनोंं आरोपी आहता-किदारा गैंग के सदस्य बताए जा रहे हैं।
जिला पुलिस उपायुक्त राजा बांठिया के मुताबिक, 20 जुलाई को सदर बाजार निवासी मोहम्मद जाहिद ने इलाके से बाइक चोरी होने की शिकायत दर्ज करवाई थी। इसी तरह 23 अगस्त को दीपक ने भी बाइक चोरी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने एक जांच टीम का गठन किया।
जांच में पुलिस को पता चला कि आरोपी बाइक चोरी करने के लिए ओला कैब का इस्तेमाल कर रहा है। पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर 26 सितंबर को लोनी, गाजियाबाद से उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उन्होंने पुलिस को बताया कि वह चोरी की गई बाइक के चेसिस और इंजन नंबर से छेड़छाड़ कर गाड़ियों की पहचान बदल देते थे। वहीं, पुलिस ने इनकी गिरफ्तारी से छह मामले सुलझाने का दावा किया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।


