Prime Minister Should Give 60 Thousand Crore Rupees More Relief Package For Punjab : Sanjay Singh – Delhi Ncr News


नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने मंगलवार को बाढ़ प्रभावित पंजाब का दौरा करने जा रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बड़ा राहत पैकेज जारी करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पंजाब में बाढ़ से बड़े स्तर पर फसलों, मकानों, दुकानों और मवेशियों का नुकसान हुआ है। ऐसे में केंद्र सरकार को पंजाब के लिए 60 हजार करोड़ रुपये और तत्काल 20 हजार करोड़ का राहत पैकेज जारी करना चाहिए।

संजय सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार, उसके मंत्री, विधायक और कार्यकर्ता दिन-रात बाढ़ पीड़ितों की सेवा में जुटे हैं। लेकिन केंद्र का रवैया बेहद निराशाजनक है। केंद्रीय कृषि मंत्री पंजाब आए और केवल फोटो खिंचवाकर लौट गए। मदद देने के बजाय उन्होंने सिर्फ रिपोर्ट सौंपने की बात कही। अब जबकि प्रधानमंत्री मोदी खुद पंजाब आ रहे हैं, तो उम्मीद है कि यह दौरा सिर्फ औपचारिकता नहीं रहेगा।

उन्होंने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान बीमार होने के बावजूद लगातार बाढ़ प्रभावितों के हालात पर नजर रखे हुए हैं और कैबिनेट मीटिंग कर राहत घोषणाएं की हैं। संजय सिंह ने कहा कि पंजाब के हक का जीएसटी और रूरल डेवलपमेंट फंड का 60 हजार करोड़ रुपये केंद्र के पास बकाया है। केंद्र की जिम्मेदारी है कि पंजाब को इस मुश्किल घड़ी में मदद दे। आप नेता ने कहा कि वे खुद अजनाला, पठानकोट, सुल्तानपुर और फाजिल्का जैसे इलाकों में बाढ़ का जायजा ले चुके हैं जहां हालात बेहद गंभीर हैं।

संजय सिंह ने केंद्र सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि आपदा के समय किसी राज्य के साथ सौतेला व्यवहार लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है। प्रधानमंत्री को अब रिपोर्ट नहीं, बल्कि राहत पैकेज का एलान करना चाहिए।



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top