हिमाचल प्रदेश के कुछ क्षेत्रों से बुधवार को दक्षिण-पश्चिमी मानसून विदा हो सकता है। मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन गई हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला से जारी बुलेटिन के अनुसार गुजरात, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली और जम्मू कश्मीर के कुछ क्षेत्रों से बुधवार को मानसून की वापसी हो जाएगी। उधर, प्रदेश के छह मध्य पर्वतीय जिलों शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू और चंबा के कुछ क्षेत्रों में बुधवार को बारिश के भी आसार हैं। 25 सितंबर से पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है।


