कप्तानी मिलते ही बाबर आजम का गरजा बल्ला, वेस्टइंडीज की धरती पर ठोका शतक


स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। पाकिस्तान टेस्ट टीम की कप्तानी मिलने के बाद बाबर आजम ने बल्ले से कमाल का प्रदर्शन किया है। कप्तानी मिलते ही उन्होंने शतक लगाया है और फॉर्म में वापसी की है। बाबर की ये शतकीय पारी वेस्टइंडीज में आई है, जहां पाकिस्तानी टीम को दो मैचों टेस्ट सीरीज खेलनी है। बांग्लादेश में 0-2 से हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने शान मसूद को कप्तानी से हटा दिया था।

बाबर को वेस्टइंडीज दौरे से पहले टेस्ट टीम का फिर से कप्तान बनाया गया। वे पहले भी पाकिस्तान की कप्तानी कर चुके थे। ऐसे में अब कप्तानी मिलने के बाद उन्होंने अभ्यास मैच में शतक लगाया है। बाबर ने ये पारी वेस्टइंडीज सेलेक्ट इलेवन के खिलाफ खेली है। टेस्ट सीरीज से पहले पाक टीम प्रैक्टिस मैच खेल रही है, जहां पाकिस्तानी कप्तान ने सेंचुरी लगाई है।

बाबर आजम ने शतक लगाया

वेस्टइंडीज सेलेक्ट इलेवन के खिलाफ अभ्यास मैच के दूसरे दिन बाबर ने शतक लगाया। उन्होंने 151 गेंदों पर 100 रन बनाए, जिसमें 12 चौके और एक छक्का शामिल रहा। शतक लगाने के बाद वे रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान से बाहर चले गए। टेस्ट सीरीज की शुरुआत से पहले बाबर का इस तरह फॉर्म में आना पाकिस्तान के लिए अच्छी खबर है। पाक टीम पिछले कुछ समय से टेस्ट क्रिकेट में संघर्ष कर रहे हैं और वे वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका में भी सबसे निचले स्थान पर हैं।

अजान अवैस ने दिखाया बल्ले का दम

पाकिस्तान के युवा सलामी बल्लेबाज अजान अवैस ने भी इस मुकाबले में अपने बल्ले का दम दिखाया। उन्होंने भी शतक लगाया और दिखाया कि वे विंडीज के खिलाफ खेलने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट में डेब्यू करने वाले इस 21 वर्षीय खिलाड़ी ने अब तक अच्छा खेल दिखाया है। उन्होंने बांग्लादेश दौरे पर एक सेंचुरी भी ठोकी थी, जहां बाकी पाकिस्तानी बल्लेबाज संघर्ष कर रहे थे। पाकिस्तान के लिए अब्दुल्ला फजल (50) और पूर्व कप्तान शान मसूद (70) ने अर्धशतक लगाया।

पाकिस्तान और वेस्टइंडीज के बीच टेस्ट सीरीज

पाकिस्तान और वेस्टइंडीज के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जानी है। इस सीरीज का पहला मुकाबला 25 जुलाई से त्रिनिदाद के ब्रायन लारा स्टेडियम में खेला जाएगा। दूसरा मैच 2 अगस्त से शुरू होगा, जो पोर्ट ऑफ स्पेन के क्वींस पार्क ओवल में खेला जाएगा।



Source link

Scroll to Top