प्रदेश के देहरादून और उत्तरकाशी जिलों में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान विभाग की ओर से इन जिलों में कई दौर की भारी से अत्यंत भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं शेष जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट रहेगा।
मौसम विज्ञानी रोहित थपलियाल के मुताबिक रेड और ऑरेंज अलर्ट वाले सभी जिलों में आने वाले दिनों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। सोमवार को भी पहाड़ से लेकर मैदान तक कई दौर की बारिश देखने को मिली। वहीं, देहरादून और हरिद्वार को छोड़कर गढ़वाल और कुमाऊं के अन्य सभी जिलों में आज स्कूल बंद रखे गए हैं।
चमोली जिले की ऊंची चोटियों पर हुई बर्फबारी
गोपेश्वर। चमोली जिले में सोमवार को देर शाम बदरीनाथ धाम की ऊंची चोटियों के साथ ही हेमकुंड साहिब, फूलों की घाटी, नंदा घुंघटी, रुद्रनाथ की ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी हुई, जिससे मौसम में ठंडक आ गई है। सोमवार को जिले के निचले क्षेत्रों में भी मौसम ठंडक भरा रहा। शाम तक ठंड बढ़ने से लोगों ने गरम कपड़े निकाल दिए। चमोली जिले के तापमान में खासी गिरावट दर्ज की गई है।


