एसओ राजपुर शैंकी कुमार के कई गाड़ियों को टक्कर मारने के बाद जिले में नई व्यवस्था को जन्म दिया गया है। आईजी गढ़वाल ने अब सभी थाना प्रभारियों के प्रोफाइल का ऑडिट कराने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद ही यह तय किया जाएगा कि एसओ या एसएचओ थाने की जिम्मेदारी संभालने लायक हैं या नहीं। इसके अलावा राजपुर थाना प्रभारी के रूप में एसआई दीपक धारीवाल को भी वापस कर दिया गया। अब नए थाना प्रभारी के लिए तीन नामों का पैनल बनाने के निर्देश आईजी ने दिए हैं। इस व्यवस्था से आने वाले समय में क्या बदलाव होगा यह तो वक्त ही बताएगा, लेकिन इस व्यवस्था की विभाग में चर्चाएं जोरों पर हैं।
एसओ की गाड़ी से टक्कर प्रकरण: एसपी ट्रैफिक को सौंपी जांच, मुकदमे की विवेचना भी सीनियर इंस्पेक्टर को
एसओ राजपुर शैंकी कुमार की गाड़ी से राजपुर क्षेत्र में बुधवार रात कई गाड़ियों को टक्कर लगी थी। इसमें गाड़ियां क्षतिग्रस्त हुईं थीं और कुछ लोग चोटिल हुए थे। एसएसपी ने तत्काल मामले का संज्ञान लिया और रात में ही शैंकी कुमार को निलंबित कर दिया। इसके बाद शैंकी कुमार के खिलाफ राजपुर थाने में ही मुकदमा भी दर्ज कर लिया गया। इस मामले में अब जांच चल रही है। एसएसपी ने देर रात ही एसओ कालसी दीपक धारीवाल को तत्काल प्रभाव से राजपुर थाने का चार्ज दिया था। जबकि, उनके स्थान पर एसआई संदीप कुमार को भेजा था। अभी सब कुछ सामान्य नहीं हुआ था कि बृहस्पतिवार सुबह आईजी गढ़वाल एसएसपी कार्यालय पहुंच गए और जानकारी ली।