Up: Six Tombs Demolished In Meerut, Hundreds Of People Created Ruckus, High Alert From Village To City – Amar Ujala Hindi News Live


कस्बा फलावदा में शरारती तत्वों ने बृहस्पतिवार रात मुस्लिम जोगी समाज के कब्रिस्तान में बनी छह मजार को क्षतिग्रस्त कर दिया। शुक्रवार सुबह इसकी जानकारी मिलने पर जोगी समाज में आक्रोश फैल गया। मौके पर भारी संख्या में लोग एकत्र हो गए। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने किसी तरह मामला शांत कराने का प्रयास किया। लोगों का कहना था कि जब तक आरोपी पकड़े नहीं जाएंगे, वे तब तक शांत नहीं बैठेंगे। अफसरों ने जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया और नगर पंचायत ने क्षतिग्रस्त मजारों को ठीक करा दिया।

इस घटना के बाद शुक्रवार को देहात से लेकर शहर तक हाई अलर्ट रहा। जुमे की नमाज के दौरान डीआईजी कलानिधि नैथानी, डीएम डॉ. वीके सिंह, एसएसपी डॉ. विपिन ताडा शहर में भ्रमण पर रहे।

फलावदा कस्बे के बाहरी छोर पर काले सिंह मंदिर के थोड़ा आगे चलकर मुस्लिम जोगी समाज के कब्रिस्तान हैं। कब्रिस्तान में जोगी समाज के गलबल शाह का मजार है। उन्हीं के पास और भी मजार बनी हुई हैं। बृहस्पतिवार रात शरारती तत्वों ने माहौल बिगाड़ने का प्रयास करते हुए छह मजारों को क्षतिग्रस्त कर दिया। 

शुक्रवार सुबह इसकी जानकारी मिलने पर जोगी समाज के आक्रोश फैल गया। मौके पर भीड़ एकत्र होने लगी। काफी संख्या में कस्बे के लोग भी मौके पर एकत्र हो गए, महिलाएं व पुरुष मजारों के आसपास बैठ गए और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे।

इसकी खबर मिलने पर अधिकारियों में भी हड़कंप मच गया। एडीएम प्रशासन सत्यप्रकाश सिंह, एसडीएम मवाना संतोष कुमार सिंह, एसपी देहात राकेश कुमार मिश्र, सीओ मवाना संजय जायसवाल कई थानों की फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी सचिन पंवार ने मजारों को दोबारा से अपनी मौजूदगी में बनवाने की जिम्मेदारी ली। हालांकि समाज के लोगों का कहना था कि जब तक आरोपी पकड़े नहीं जाएंगे, वह मजार नहीं बनवाएंगे। बाद में लोगों को समझा बुझाकर शांत किया और मजारों को ठीक करा दिया गया।

इस दौरान पूर्व चेयरमैन सैयद मेराजुद्दीन, पूर्व अध्यक्ष अब्दुस समद, चेयरमैन अशोक कुमार सैनी, धर्म जागरण के प्रांतीय विधि प्रमुख प्रदीप बिश्नोई, सैयद रिहानुद्दीन, पूर्व चेयरमैन नय्यर आलम कुरैशी, सभासद साबिर, सभासद वकार आलम, सपा नेता मोहित तोमर, डॉ. शाहबाज आलम, आसिम रिजवी आदि मौजूद थे।

अफसरों ने अलर्ट घोषित किया

फलावदा में मजार क्षतिग्रस्त होने पर लोगों में आक्रोश होने और तमाम राजनीतिक दलों के लोगों के पहुंचने पर अफसरों ने जुमे की नमाज को देखते हुए जनपद में अलर्ट घोषित कर दिया। खुफिया विभाग भी सक्रिय हो गया।

अज्ञात में केस दर्ज, गिरफ्तारी के लिए दो टीम लगाईं

एसपी देहात राकेश मिश्रा ने बताया कि अज्ञात शरारती तत्वों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो टीम लगाई है। सर्विलांस की मदद ली जा रही है। इससे यह जानकारी हो सके कौन-कौन लोग कब्रिस्तान में कितने वक्त तक रहे हैं। वहीं समाज के लोगों का कहना है कि काफी संख्या में हिंदू समाज के लोग भी मजार पर मन्नत मांगने पहुंचते हैं। शरारती तत्वों ने उनकी आस्था को ठेस पहुंचाई है। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

सपा विधायक ने लिखा माहौल खराब नहीं करने दिया जाएगा

सरधना के सपा विधायक अतुल प्रधान ने मजार क्षतिग्रस्त किए जाने की निंदा की। उन्होंने एक्स हैंडल लिखा कि किसी भी समाज की आस्था को ठेस नहीं पहुंचाने दी जाएगी। माहौल खराब करने नहीं दिया जाएगा। सांप्रदायिक जहर घोलने वालों के खिलाफ प्रशासन कड़ी कार्रवाई करे। उन्होंने पुलिस के अधिकारियों को फोन कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।

 



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top