भारत का पाकिस्तान पर दबदबा
एशिया कप में भारत का पाकिस्तान पर पलड़ा भारी है। दोनों टीमों के बीच अब तक 19 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें 10 मैच भारत ने जीते हैं जबकि पाकिस्तान को सिर्फ छह मैचों में ही जीत हासिल हुई है। वहीं, तीन मुकाबले बेनतीजा रहे हैं। ऐसे में भारतीय टीम का रविवार के मैच में जीत लगभग तय माना जा रहा है। यूं तो जब भी भारत-पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होती हैं तो खेल के साथ-साथ भावनाओं का भी टकराव होता है। हालांकि, इस बार प्रशंसकों के बीच इस मैच को लेकर उत्साह थोड़ा कम दिखाई दे रहा है।
उत्साह में दिख रही कमी
अप्रैल में पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने ऑपरेशन सिंदूर से सैन्य अभियान चलाया था जिसके बाद भारत और पाकिस्तान के बीच विवाद बढ़ गया था। इसे लेकर ही मैच का बहिष्कार करने की मांग उठी है। मैच के हजारों टिकट अब भी उपलब्ध हैं और शुक्रवार को भारत के अभ्यास सत्र में बहुत कम दर्शक पहुंचे। मैच को लेकर पहले की तरह उत्साह भी गायब है। सोशल मीडिया पर अपील की जा रही है कि भारत इस मैच का बहिष्कार करे जिससे कोई नहीं जानता कि कितने बीसीसीआई अधिकारी रविवार को मैच देखने पहुंचेंगे, वर्ना दोनों देशों के बीच मैच के दौरान बड़ी संख्या में अधिकारी मौजूद रहते थे।
पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले को लेकर भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव भी काफी उत्साहित हैं। उन्होंने ग्रुप स्टेज के पहले मुकाबले में यूएई को नौ विकेट से मात देने के बाद कहा था कि वह पाकिस्तान के खिलाफ मैच के लिए तैयार हैं। अब चूंकि इस मुकाबले का खेला जाना लगभग तय है तो ऐसे में आपके लिए मौसम का मिजाज जानना भी जरूरी है। क्या बारिश इस मैच के लिए बाधा तो नहीं बनेगी? कहीं बारिश की बूंदे मैच के रोमांच को खासा नुकसान तो नहीं पहुंचा देंगी? आइये जानते हैं क्या कहती है मौसम रिपोर्ट…
क्या कहती है मौसम रिपोर्ट?
एक्यूवेदर की रिपोर्ट के अनुसार, दुबई 14 सितंबर को बेहद गर्म और धुंधले मौसम का सामना करेगा। दिन का अधिकतम तापमान 39°C तक पहुंचने की संभावना है, लेकिन नमी के कारण यह 44°C जैसा महसूस होगा। तेज गर्मी के साथ-साथ वायु गुणवत्ता को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है। पूरे दिन और रात भर हवा की स्थिति बहुत अस्वास्थ्यकर मानी जा रही है। आसमान साफ और धुंधला रहेगा। उत्तर-पूर्वी दिशा से 19 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, जिनकी झोंकेदार गति 33 किमी/घंटा तक जा सकती है। हालांकि, इससे गर्मी से कोई खास राहत नहीं मिलेगी। रात का मौसम भी बेहद गर्म और साफ रहेगा, न्यूनतम तापमान 30°C के आसपास रहेगा। हवा की खराब गुणवत्ता रात में भी बनी रहेगी। बारिश की संभावना शून्य के बराबर है।






