PSL में भारी ड्रामा, उस्मान तारिक की बॉलिंग खेलने से डेरिल मिचेल ने कर दिया मना, अंपायर्स को करना पड़ा बीच-बचाव – huge drama in pakistan super league as daryl mitchell refused to play usman tariq bowling umpires have to rush in between


पाकिस्तान सुपर लीग में एक भारी बवाल देखने को मिला। कीवी बल्लेबाज डेरिल मिचेल ने उस्मान तारिक की बॉलिंग को खेलने से ही मना कर दिया।

usman tariq (2)
उस्मान तारिक खेलने से डेरिल मिचेल ने खेलने से मना कर दिया
नई दिल्ली: पाकिस्तान सुपर लीग 2026 के 18वें मुकाबले में उस वक्त ड्रामा देखने को मिला जब क्वेटा ग्लैडिएटर्स और रावलपिंडी के बीच चल रहे मैच में बॉलिंग एक्शन को लेकर विवाद हो गया। घटना रावलपिंडीज की पारी के नौवें ओवर की है जब स्पिनर उस्मान तारिक गेंदबाजी के लिए आए। उनके गेंदबाजी एक्शन में आने वाले अजीबोगरीब ठहराव से परेशान होकर कीवी बल्लेबाज डेरिल मिचेल दो बार क्रीज से हट गए।

उस्मान तारिक और मिचेल के बीच बवाल

मिचेल के इस कदम के बाद मैदान पर दोनों टीमों के खिलाड़ियों और अंपायरों के बीच काफी देर तक बहस होती रही। उस्मान तारिक का बॉलिंग एक्शन लंबे समय से चर्चा और विवादों का विषय रहा है। तारिक का तर्क है कि उनके कोहनी के जोड़ में प्राकृतिक रूप से डबल-जॉइंट की समस्या है जिसकी वजह से उनके हाथ की मूवमेंट प्रतिबंधित रहती है और गेंदबाजी के समय वह रुकते हुए नजर आते हैं।
हालांकि बल्लेबाज इसे खेल की भावना और एकाग्रता भंग करने वाला मानते हैं। हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू सीरीज के दौरान कैमरून ग्रीन ने भी तारिक की गेंद पर आउट होने के बाद चकिंग का इशारा कर विवाद को हवा दी थी।

मैच में क्या हुआ?

मैच की बात करें तो क्वेटा ग्लैडिएटर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 182 का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। कप्तान राइली रूसो ने कप्तानी पारी खेलते हुए 53 रन बनाए जबकि सऊद शकील (42) और हसन नवाज (39) ने मध्यक्रम में उपयोगी योगदान दिया। पारी के अंत में जहांदाद खान की 21 रनों की तेजतर्रार पारी ने टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। रावलपिंडीज की ओर से बेन सियर्स सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने तीन विकेट चटकाए।

क्वेटा ने जीता मुकाबला

183 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रावलपिंडीज की टीम क्वेटा के स्पिन जाल में पूरी तरह उलझ गई। ग्लैडिएटर्स के स्पिनर्स ने नियमित अंतराल पर विकेट लेकर विपक्षी टीम को संभलने का कोई मौका नहीं दिया। उस्मान तारिक, सऊद शकील, अबरार अहमद और काशिफ भट्टी की चौकड़ी ने मिलकर छह शिकार किए और पूरी टीम को महज 121 रनों पर समेट दिया। इस शानदार गेंदबाजी प्रदर्शन की बदौलत क्वेटा ने यह मुकाबला एकतरफा अंदाज में अपने नाम किया।

दीपेश शर्मा

लेखक के बारे मेंदीपेश शर्मा दीपेश शर्मा वर्तमान में नवभारत टाइम्स (NBT) डिजिटल में सीनियर डिजिटल कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने साल 2021 में ‘ज़ी न्यूज़’ से अपने करियर की शुरुआत की और बहुत कम समय में अपनी सटीक रिपोर्टिंग और विश्लेषणात्मक लेखन से पहचान बनाई। वे जनवरी 2025 में टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप के नवभारत टाइम्स, डिजिटल विंग से जुड़े। पत्रकारिता में ऑनलाइन न्यूज डेस्क पर उन्हें काम करने का 4.5 साल का अनुभव है। पत्रकारिता में सक्रिय होने से पहले दीपेश कई खेलों में स्टेट लेवल के खिलाड़ी रह चुके हैं। उन्होंने बैडमिंटन और ताइक्वांडो में स्टेट लेवल तक प्रतियोगिताओं में भाग लिया है।

विशेषज्ञता: दीपेश शर्मा खास तौर पर खेल की खबर, ब्रेकिंग न्यूज, रियल टाइम खबरें, एक्सप्लेनर और रिसर्च आधारित खबरें करते हैं। इसके अलावा वह क्रिकेट, बैडमिंटन, रेसलिंग, एथलेटिक्स, WWE, हॉकी और टेनिस जैसे खेलों की गहरी समझ रखते हैं। कंटेंट राइटिंग के साथ-साथ वह वीडियो एंकरिंग, ग्राफिक डिजाइनिंग और वीडियो एडिटिंग में निपुण।

शिक्षा: मूल रूप से हरियाणा के पलवल के रहने वाले दीपेश ने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से बैचेलर में स्नातक किया। उन्होंने साल 2021 में अपनी स्नातक डिग्री पूरी की थी।… और पढ़ें