PMAY Eligibility: क्या आप भी हैं सस्ता घर पाने के हकदार? EWS, एलआईजी और MIG के लिए क्या हैं शर्तें?


नई दिल्‍ली. हर इंसान का सपना होता है कि उसका अपना एक पक्का घर हो. केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) देश के कमजोर तबके के लोगों के इसी सपने को सच करने के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना चला रही है. पीएमएवाई के तहत अब तक 3.34 करोड़ से ज्यादा घर बन चुके हैं. पीएमएवाई 2.0 के तहत सरकार ने अब 3 करोड़ नए घर बनाने का लक्ष्य रखा है, ताकि देश के हर आदमी के सिर पक्‍की छत हो. सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या आप इस योजना के हकदार हैं? योजना के तहत बनाई गई आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS), निम्न आय वर्ग (LIG) और मध्यम आय वर्ग (MIG) कैटेगरी के लिए कमाई की क्या है और आपको कितनी सब्सिडी मिलेगी?

प्रधानमंत्री आवास योजना दो अलग-अलग हिस्सों में बंटी हुई है. पीएमएवाई ग्रामीण (PMAY-G) और पीएमएवाई-शहरी (PMAY-U). पीएमएवाई ग्रामीण, गांवों में रहने वाले बेघर या कच्चे घरों में रहने वाले परिवारों के लिए है. PMAY-शहरी योजना के तहत शहरों में रहने वाले गरीब, निम्न और मध्यम आय वर्ग के परिवारों को घर बनाने, खरीदने या होम लोन पर ब्याज सब्सिडी (Interest Subsidy) दी जाती है.

पीएमएवाई योजना का लाभ कौन उठा सकता है?

प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ उठाने के लिए सबसे जरूरी शर्त यह है कि परिवार के पास देशभर में कहीं भी पक्का घर नहीं होना चाहिए. प्रधानमंत्री आवास योजना- ग्रामीण में आर्थिक सहायता उन्‍ही परिवारों को मिलती है, जिनका नाम SECC-2011 और Awaas+ सर्वे लिस्ट में होता है. SC/ST परिवारों और अन्य कमजोर वर्ग के लोगों को इसमें प्राथमिकता दी जाती है. मैदानी इलाकों में घर बनाने के लिए सरकार ₹1.20 लाख और पहाड़ी/दुर्गम इलाकों में ₹1.30 लाख की आर्थिक सहायता उपलब्‍ध कराती है.

प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी (PMAY-U) का लाभ उठाने के लिए आवेदक का किसी भी राज्य या केंद्र शासित प्रदेश का निवासी होना जरूरी है. उसके पास देश में कहीं भी पक्‍का घर नहीं होना चाहिए और उसकी आय सालाना 9 लाख रुपये से ज्‍यादा नहीं होनी चाहिए.

पीएमएवाई की EWS, LIG और MIG कैटेगरी क्‍या है?

PMAY-U 2.0 के तहत सब्सिडी का लाभ लेने के लिए सरकार ने सालाना पारिवारिक कमाई के हिसाब से तीन मुख्य कैटेगरी बनाई हैं:

  • आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) : जिन परिवारों की सालाना आय ₹3 लाख तक है.
  • निम्न आय वर्ग (LIG): जिन परिवारों की सालाना आय ₹3 लाख से ₹6 लाख तक है.
  • मध्यम आय वर्ग (MIG) : जिन परिवारों की सालाना आय ₹6 लाख से ₹9 लाख तक है.

PMAY-U में कितनी मिलेगी ब्‍याज सब्सिडी?

अगर आपकी आय ₹9 लाख तक है, तो आप ₹35 लाख कीमत वाले मकान के लिए ₹25 लाख तक का होम लोन ले सकते हैं. मकान का कारपेट एरिया 120 वर्ग मीटर तक हो सकता है. लोन पर ₹1.80 लाख तक की ब्याज सब्सिडी मिलेगी. पहले ₹8 लाख तक के होम लोन पर 12 साल की अवधि के लिए 4% की ब्याज दर से छूट दी जाएगी.यह सब्सिडी पांच साल से ज्‍यादा वाले लोन पर ही लागू होगी. सब्सिडी का पैसा सीधे बैंक खाते में 5 साल में किस्तों में आएगा. सब्सिडी जारी होने के समय होम लोन सक्रिय होना चाहिए और मूलधन (Principal) का 50% से अधिक हिस्सा बकाया होना आवश्यक है.

पीएमएवाई की लाभार्थी लिस्‍ट कैसे देखें?

आपने PMAY-शहरी के तहत होम लोन सब्सिडी या नए घर के लिए आवेदन किया हो या पीएमएवाई-ग्रामीण (PMAY-G) के लिए, दोनों की लाभार्थी लिस्‍ट आप घर बैठे कुछ ही मिनटों में देख सकते हैं. PMAY-शहरी लिस्ट देखने के लिए आधिकारिक पोर्टल (pmaymis.gov.in) पर जाएं. होमपेज पर “Search Beneficiary” ड्रॉप-डाउन मेन्यू से “Search by Name” विकल्प चुनें. निर्धारित बॉक्स में अपने नाम के शुरुआती तीन अक्षर दर्ज करके “Show” बटन पर क्लिक करें. स्क्रीन पर मिलते-जुलते नामों की पूरी सूची आ जाएगी. इसमें आप आप अपना नाम, परिवार का विवरण और आवेदन की स्थिति आसानी से जांच सकते हैं.

PMAY-ग्रामीण की सूची चेक करने के लिए आपके पास आवेदन के समय मिला रजिस्ट्रेशन नंबर होना चाहिए. PMAY-ग्रामीण की आधिकारिक वेबसाइट (pmayg.nic.in) पर जाएं और अपना रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज करके सबमिट करें. यदि आपका आवेदन स्वीकार हो चुका है और आपका नंबर मंजूर सूची में है, तो स्क्रीन पर आपके आवेदन की वर्तमान स्थिति, स्वीकृत राशि और अन्य सभी आवश्यक जानकारियां तुरंत दिखाई देने लगेंगी.

PMAY आवेदन का स्टेटस कैसे चेक करें?

प्रधानमंत्री आवास योजना की आधिकारिक वेबसाइट pmaymis.gov.in पर जाएं. ‘Citizen Application’ विकल्प पर क्लिक करें. इसके बाद ‘Check Status’ बटन दबाएं. ‘Know Your Status’ पर क्लिक करने के बाद ‘By Name, Father’s Name & Mobile No’ विकल्प को चुनें. राज्य, जिला और शहर सेलेक्‍ट करें. इसके बाद अपना नाम, पिता का नाम और मोबाइल नंबर भरें. ‘Submit’ बटन पर क्लिक करें. ऐसा करते ही प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) के लिए किए गए आवेदन का स्‍टेटस आपके सामने होगा.



Source link

Scroll to Top