बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली| स्टॉक मार्केट भी क्रिकेट की तरह है। कब कौन सा स्टॉक तूफानी रफ्तार पकड़ ले और आपकी झोली भर दे, पता ही नहीं चलता। शेयर मार्केट की दुनिया में ऐसे ही छोटे-छोटे तीन स्टॉक हैं, जिन्होंने एक साल में 1100 फीसदी से ज्यादा का मल्टीबैगर रिटर्न (multibagger stock) दिया है। दिलचस्प बात यह है कि इनमें से एक शेयर की कीमत सिर्फ 10 रुपए के आसपास है। वहीं एक शेयर ऐसा भी है, जिसमें कभी आपने 10 हजार रुपए निवेश किए होते तो आज उसकी वैल्यू 4.35 लाख रुपए होती।
आज बात करेंगे उन तीन पेनी स्टॉक्स की, जिनकी कीमत 20 रुपए (penny stocks under 20 rs) से कम है। उन्होंने पिछले एक साल में अपने निवेशकों छप्परफाड़ रिटर्न देकर लखपति बना दिया है। अब सवाल है कि आखिर इन सस्ते शेयरों के पीछे कारोबार क्या है और इनमें इतनी तेज तेजी की वजह क्या रही? इस लिस्ट में शामिल तीन कंपनियां किस सेक्टर में काम करती हैं? चलिए समझते हैं एक-एक डिटेल।
1. ऑक्सफोर्ड इंडस्ट्री लिमिटेड (Oxford Industries Ltd)
- करेंट प्राइस- 10.16 रुपए प्रति शेयर
- एक साल का रिटर्न- 1141%
- 52 हफ्ते का हाई/लो- ₹24.5/₹0.81
- मार्केट कैप- 6.04 करोड़ रुपए
- प्रमोटर होल्डिंग- 43.7%
कहां कारोबार कर रहा स्टॉक?
मंगलवार, 18 अगस्त को कंपनी का स्टॉक BSE पर 10.16 रुपए (Oxford Industries Ltd share price) के लेवल पर ओपन हुआ और मार्केट खुलते ही इसमें 5 फीसदी का अपर सर्किट लग गया। दिलचस्प बात यह है कि इसमें पिछले कई दिनों से अपर सर्किट ल गरा है। कंपनी का स्टॉक एक महीने में 20 फीसदी, 6 महीने में 25 फीसदी, एक साल में 1141 फीसदी और पिछले 5 साल में 1200 फीसदी से ज्यादा का रिटर्न दिया है।
क्या काम करती है कंपनी?
ऑक्सफोर्ड इंडस्ट्रीज लिमिटेड कंपनी की शुरुआत साल 1980 में हुई थी। उस दौरान कंपनी टेक्सटाइल के बिजनेस से जुड़ी थी। कंपनी मुख्य रूप से शर्ट के कपड़ों का काम करती थी। फिलहाल कंपनी शर्ट के कपड़ों की खरीद-फरोख्त/डीलिंग का काम संभालती है। कंपनी 13 करोड़ रुपए के घाटे में है।
रिपोर्ट की माने तो कंपनी के शेयरों पर 1 जनवरी 2018 से ट्रेडिंग पर रोक (सस्पेंशन) लगी हुई थी, जिसे 14 अगस्त 2025 को हटा लिया गया। कमाई की बात करें तो वित्त वर्ष 2023-24 में तैयार कपड़ों (फिनिश्ड फैब्रिक्स) की बिक्री से कंपनी का राजस्व वित्त वर्ष 2022-23 की तुलना में 999% बढ़ा है।
2. हेरिग क्रैंकशाफ्ट्स (Harig Crankshafts Ltd)
- करेंट प्राइस- 18.80 रुपए प्रति शेयर
- एक साल का रिटर्न- 619%
- 52 हफ्ते का हाई/लो- ₹18.8/2.61
- मार्केट कैप- 19.70 करोड़ रुपए
- प्रमोटर होल्डिंग- 90%
कहां ट्रेड कर रहा कंपनी का स्टॉक?
हेरिग क्रैंकशाफ्ट्स का शेयर मंगलवार को 18.80 रुपए के लेवल (Harig Crankshafts Ltd share price) पर ओपन हुआ और बाजार खुलते ही इसमें अपर सर्किट लग गया। इसमें पिछले एक महीने से रोज 5 फीसदी का अपर सर्किट लग रहा है। स्टॉक ने पिछले एक महीने में 54%, छह महीने में 176%, एक साल में 655% और पांच साल में 1046% से ज्यादा का मल्टीबैगर रिटर्न दिया है।
6000 के बना दिए 1.14 लाख रुपए
एक साल पहले शेयर की कीमत 2.49 रुपए और 5 साल पहले 1.64 रुपए थी। यानी अगर आपने पांच साल पहले इसमें सिर्फ 6 हजार रुपए निवेश किए होते तो आज उसकी वैल्यू 1.14 लाख रुपए से भी ज्यादा होती।
बड़ा सवालः क्या काम करती है कंपनी?
हेरिग क्रैंकशाफ्ट्स लिमिटेड की शुरुआत 4 दशक पहले साल 1983 में हुई थी। यह यूपी के नोएडा बेस्ड कंपनी है, जिसे यूपी सरकार (PICUP), हेरिंग इंडिया, देशबीर सिंह और जर्मनी की विल्बेलमस कंपनी के तकनीकी सहयोग से एक संयुक्त उपक्रम (Joint Venture) के रूप में स्थापित किया गया था।
कंपनी ऑटोमोबाइल सेक्टर से जुड़ी है और पैसेंजर कारों, हल्के कमर्शियल वाहनों (LCV) और भारी ट्रकों के लिए हाई-क्वालिटी क्रैंकशाफ्ट बनाती है। इसके अलावा कंपनी भारी निर्माण और खुदाई उपकरणों (Earth-moving equipment) के लिए मजबूत और टिकाऊ क्रैंकशाफ्ट भी बनाती है।
रेवेन्यू की बात करें तो कंपनी पिछले कई वर्षों से कोई राजस्व पैदा नहीं कर पा रही है और लगातार घाटे में चल रही है। 10 जून 2025 को कंपनी ने अपने मेमोरेंडम ऑफ एसोसिएशन (MoA) के मुख्य उद्देश्य में बदलाव कर तीन नए क्षेत्रों में उतरने का फैसला किया। जिसमें रियल एस्टेट और इंफ्रास्ट्रक्च, सिविल कंस्ट्रक्शन और प्रॉपर्टी मैनेजमेंट और कंसल्टिंग सर्विसेज की सेवाएं देना शामिल है।
3. गुजरात इंजेक्ट (केरल) लिमिटेड (Gujarat Inject (Kerala) Ltd)
- करेंट प्राइस- 13 रुपए प्रति शेयर
- एक साल का रिटर्न- 535%
- 52 हफ्ते का हाई/लो- ₹ 14.3/1.90
- मार्केट कैप- 190 करोड़ रुपए
- प्रमोटर होल्डिंग- 0.00%
कितने रुपए पर कारोबार कर रहा स्टॉक?
BSE का स्टॉक मंगलवार को 13.68 रुपए के लेवल (Gujarat Inject Kerala Ltd share price) पर ओपन हुआ और दोपहर ढाई बजे के आसपास इसमें 5 फीसदी की गिरावट के साथ लोअर सर्किट लग गया। यह स्टॉक 6 महीने में 110 फीसदी, एक साल में 504 फीसदी और 5 साल में 4255 फीसदी से ज्यादा का मल्टीबैगर रिटर्न दे चुका है।
5 साल में 10 हजार के बनाए ₹4.35 लाख
पांच साल पहले इस शेयर की कीमत सिर्फ 29 पैसे थी, जो आज 12 रुपए के पार पहुंच गया है। यानी अगर आपने पांच साल पहले इसमें सिर्फ 10 हजार रुपए निवेश किए होते तो आज उसकी वैल्यू 4.35 लाख रुपए से भी ज्यादा होती।
अहम सवालः कंपनी का कारोबार क्या है?
गुजरात इंजेक्ट केरला लिमिटेड की स्थापना साल 1991 में हुई थी, जो फार्मास्युटिकल सेक्टर से जुड़ी है। कंपनी दवा बनाने और मेडिकल उपकरण बनाने का काम करती है। यह केरल सरकार के पूर्ण स्वामित्व वाले उपक्रम ‘केरल स्टेट इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन’ (KSIDC) और गुजरात इंजेक्ट लिमिटेड का एक संयुक्त उपक्रम (Joint Venture) है। कंपनी बल्क ड्रग्स, केमिकल, मेडिसिनल प्रिपरेशंस, इंट्रावेनस (IV) फ्लूइड्स, इन्फ्यूजन और ट्रांसफ्यूजन सॉल्यूशंस बनाती और बेचती है।
साथ ही, विटामिन और नॉन-विटामिन टैबलेट्स, कैप्सूल्स और सिरप/लिक्विड्स बनाने का काम करती है। इसके अलावा, डिस्पोजेबल प्लास्टिक बोतलें, सर्जिकल सेट्स, इन्फ्यूजन-ट्रांसफ्यूजन सेट्स, डिस्पोजेबल सिरिंज और डायग्नोस्टिक किट्स भी बनाने का काम करती है।
वित्त वर्ष 2021-22 में कंपनी की कुल आय में सेल की हिस्सेदारी करीब 32% रही। सबसे बड़ा हिस्सा कमीशन से होने वाली आय (~58%) का था। वहीं अन्य स्रोतों (Other Income) से करीब 10% राजस्व मिला। 23 अगस्त 2022 को कंपनी ने प्रशासनिक और ऑपरेशनल कामकाज की सहूलियत के लिए अपने रजिस्टर्ड ऑफिस को केरल से गुजरात शिफ्ट करने की मंजूरी दी।
“शेयर मार्केट से जुड़े अपने सवाल आप हमें business@jagrannewmedia.com पर भेज सकते हैं।”
(डिस्क्लेमर: यहां शेयरों को लेकर दी गई जानकारी निवेश की राय नहीं है। चूंकि, स्टॉक मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है इसलिए निवेश करने से पहले किसी सर्टिफाइड इन्वेस्टमेंट एडवाइजर से परामर्श जरूर करें।)


