Delhi Flood News Monastery Market, Vasudev Ghat And Yamuna Bazaar Overflowed, Water Reached The Ring Road – Amar Ujala Hindi News Live



राजधानी दिल्ली में अब यमुना का रौद्र रूप दिखाई देने लगा है। नदी का जलस्तर शाम तक 207.20 मीटर तक पहुंच गया था। उफनती यमुना के कारण यमुना बाजार का तटीय इलाका, मॉनेस्ट्री मार्केट व वासुदेव घाट आदि स्थान पानी से लबालब हो गए हैं। तटवर्ती इलाके में एनडीआरएफ व डीडीए की टीमें लगातार लोगों को अलर्ट कर रही हैं। लोगों को यमुना तट पर जाने की मनाही है। पुराना रेलवे पुल आवाजाही के लिए बंद है। हजारों लोगों को निकाला गया है। प्रशासन के टेंट कॉलोनी सरीखे दिख रहे हैं। लोग, मवेशी, बकरियां, घर का सामान सड़कों पर है लेकिन अभी बस इतनी गनीमत है कि दिल्ली का मुख्य शहरी इलाका बाढ़ से सुरक्षित है। इस विषम परिस्थिति का आंखों देखा हाल बयां करती अमर उजाला की रिपोर्ट…

loader

 




Trending Videos

Delhi Flood news Monastery Market, Vasudev Ghat and Yamuna Bazaar overflowed, water reached the ring road

यमुना का जलस्तर तेजी से बढ़ने के बाद कश्मीरी गेट स्थित मोनेस्ट्री मार्किट में नांव से लोग बाहर आए
– फोटो : भूपिंदर सिंह


स्थान – कश्मीरी गेट मॉनेस्ट्री मार्केट

समय – दोपहर 01.00 बजे

मॉनेस्ट्री मार्केट में दो से तीन फुट पानी भर गया है। स्थानीय एसडीएम टीम के साथ स्थिति का मुआयना कर कुछ देर में वापस लौट गए। मार्केट के प्रवेश द्वार तक पानी भर है। यहां अब रिंग रोड और यमुना के पानी के बीच में कुछ ही फासला ही नजर आने लगा है। कपड़े के दुकानदार महेश ने बताया कि उन्होंने मंगलवार को ही काफी सामान निकाल लिया था। बाकी दुकानदारों ने भी ऐसा ही किया है। बैग और जूते के दुकानदार गगनदीप ने बताया कि कितने दिन बाद पानी निकलेगा इसका इंतजार है। इस बीच पीछे से किसी ने आवाज दी कि हफ्ते से पहले पानी वापस नहीं जाने वाला। पहाड़ों पर लगातार तेज बारिश हो रही है।


Delhi Flood news Monastery Market, Vasudev Ghat and Yamuna Bazaar overflowed, water reached the ring road

यमुना का जलस्तर बढ़ने के बाद रिंग रोड़ पर पानी
– फोटो : भूपिंदर सिंह


स्थान – वासुदेव घाट, रिंग रोड पर पानी आया

समय – दोपहर 1.15 बजे

डीडीए के रिवर फ्रंट परियोजना का हिस्सा वासुदेव घाट लबालब है। रिंग रोड पर इस पार्क के प्रवेश द्वार तक यमुना का पानी पहुंच गया है। यहां ऐसा लगता है कि पानी छलककर अभी मुख्य रोड पर आ जाएगा। वासुदेव घाट के सामने सड़क किनारे बड़ी सीवर लाइन से पानी बैक फ्लो होकर रिंग रोड पर आने लगा है। द्वार पर बोरियां अवरोधक के तौर पर लगाई गई हैं।


Delhi Flood news Monastery Market, Vasudev Ghat and Yamuna Bazaar overflowed, water reached the ring road

शमशान घाट में पहुंचा बाढ़ का पानी
– फोटो : भूपिंदर सिंह


स्थान – यमुना बाजार, निगमबोध श्मशान घाट के करीब

समय – दोपहर 1.30 बजे

यमुना बाजार में सीवर के ढक्कन पानी के बैक फ्लो को झेल नहीं पा रहे हैं। पानी यहां से बाहर निकलकर सड़क पर फैल रहा है। नदी और मार्केट के बीच में कवच का काम करती दीवार के उस पार यमुना की तरफ करीब 10 फुट गहराई तक पानी भर गया है। दीवार को बाढ़ से पहले ही नए पिलर बनाकर मजबूती दी गई है लेकिन दीवार में कई जगह लीकेज भी नजर आ रहे हैं। एनडीआरएफ के जवानों ने बताया कि नदी के बाढ़ क्षेत्र में यहां पर बने कई मकानों में अभी भी लोग रुके हुए हैं इन्हें बाहर निकलने के लिए प्रशासन लगातार माइक पर मुनादी कर रहा है।

 


Delhi Flood news Monastery Market, Vasudev Ghat and Yamuna Bazaar overflowed, water reached the ring road

कश्मीरी गेट में रिंग रोड तक पहुंचा यमुना का पानी
– फोटो : एएनआई


स्थान: जामिया नगर

समय: 2:00 बजे

यमुना की बाढ़ से जामिया नगर के लोग चिंतित हैं। यमुना का पानी काॅलोनी में आने की आशंका है। हालांकि, प्रशासन का कहना है कि बाढ़ से जामिया नगर का इलाका पूरी सुरक्षित है। बुधवार दोपहर बड़ी संख्या में लोग यमुना के जलस्तर को देखने के लिए कालिंदीकुंज व ओखला हेड पहुंचे। स्थानीय लोगों का कहना है कि पानी का ऐसा रौद्र रूप उन्होंने नहीं देखा है। ओखला विधायक अमानतुल्लाह खान ने बताया कि उनकी टीम बाढ़ के हालात पर पूरी तरह नजर रखे हुए है। जाकिर नगर, जोगा बाई, बटला हाउस, धोबी घाट, अबुल फजल और शाहीन बाग के लोग यमुना के बढ़ते जलस्तर को लेकर परेशान हैं।

 




Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top