Cruelty: A Second-grade Student Was Hung Upside Down From A Window And Beaten In A Panipat School. – Amar Ujala Hindi News Live


मॉडल टाउन थाना क्षेत्र के जाटल रोड स्थित एक निजी स्कूल में होमवर्क नहीं करने पर सात साल के बच्चे को अमानवीय तरीके से पीटा गया। स्कूल के वैन चालक ने बच्चे के पैर रस्सी से बांधकर उसे खिड़की से उल्टा लटका दिया। इसके बाद उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया। 

वीडियो वायरल होने पर बच्चे की मां ने स्कूल पहुंचकर शिकायत की तो वैन चालक अजय ने परिवार को धमकाने के लिए घर पर कुछ युवक भेज दिए। इसके बाद परिजनों ने थाने में शिकायत दी है। पुलिस ने शनिवार को मुकदमा दर्ज कर लिया। वहीं, स्कूल प्रबंधन का कहना है कि वैन चालक को 30 अगस्त को ही हटा दिया गया था।

पुलिस को दी शिकायत में महिला ने बताया कि उनका बेटा सरिजन पब्लिक स्कूल में कक्षा दो में पढ़ता है। उनके इंस्टाग्राम पर एक वायरल वीडियो आया जिसमें एक बच्चे को उल्टा लटकाकर पीटा जा रहा था। ध्यान से देखा तो वह उनका बेटा ही निकला। उन्होंने इसकी शिकायत प्रिंसिपल से की। 

इस पर उनको पता चला कि 13 अगस्त को बच्चे ने स्कूल का काम नहीं किया था और शरारत कर रहा था। महिला शिक्षक ने उसे डांटने के लिए वैन चालक अजय से कहा था। आरोपी अजय बच्चे को स्कूल के ऊपर की मंजिल में बने अपने कमरे में ले गया और थप्पड़ मारे। इसके बाद बच्चे के पैर रस्सी से बांध लटका दिया। उसने यह वीडियो कुछ साथियों को भी भेजा। बाल कल्याण समिति ने भी मामले का संज्ञान लिया है।

बच्चों को दिखाता था मनीषा हत्याकांड का वीडियो

स्कूल प्रिंसिपल रीना ने बताया कि आरोपी चालक काफी समय से बच्चे को परेशान कर रहा था। वैन में भी बच्चों को धमकी देता था। यही नहीं उसने मनीषा हत्याकांड का वीडियो भी बच्चों को दिखाया था जिसकी शिकायत बच्चों ने शिक्षिका से की थी। 30 अगस्त को चालक को नौकरी से हटा दिया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद भी वह लगातार वीडियो अपलोड कर धमकी दे रहा है। उसने पिस्तौल की फोटो डालकर भी धमकी दी है।

दूसरे बच्चों को पीटने का वीडियो भी आया सामने

इसी स्कूल में अन्य बच्चों की पिटाई का एक और वीडियो सामने आया है। इसमें एक शिक्षिका बच्चे की पिटाई करती नजर आ रही है। पुलिस ने यह वीडियो भी कब्जे में ले ली है।

बच्चे की मां की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वीडियो और फोटो कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

– जगमिंद्र सिंह, प्रभारी थाना मॉडल टाउन

 



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top