AAP Big claim On MCD by election Allegation on BJP इतने छोटे चुनाव में इस तरह की बेईमानी; MCD उपचुनाव को लेकर AAP का क्या दावा, Ncr Hindi News


संक्षेप:

दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के 12 वार्ड में उपचुनाव के लिए रविवार को मतदान जारी है। यह दिल्ली विधानसभा चुनावों के जीत के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए पहली बड़ी चुनावी परीक्षा है।

दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के 12 वार्ड में उपचुनाव के लिए रविवार को मतदान जारी है। यह दिल्ली विधानसभा चुनावों के जीत के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए पहली बड़ी चुनावी परीक्षा है। एमसीडी में बीजेपी मुकाबला आम आदमी पार्टी (आप) से है, जो पुरानी ताकत वापस पाने की कोशिश कर रही है। वहीं, कांग्रेस भी दोनों के मतदाता आधार में सेंध लगाने की कोशिश कर रही है। इस बीच दिल्ली आप के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने बीजेपी पर इस चुनाव में बेइमानी करने का आरोप लगाया है।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

उन्होंने कहा कि 3 वार्डों पर AAP और 9 पर BJP के कब्जे वाले इस छोटे से चुनाव में भी BJP ने धांधली का प्रयास किया। भारद्वाज ने आरोप लगाया कि दक्षिनपुरी वार्ड में पूर्व SHO रामपाल ने BJP उम्मीदवार के साथ मिलकर निवासियों को धमकी देकर वोट मांगे, जिसका वीडियो जारी होने के बावजूद पुलिस और चुनाव आयोग ने कोई कार्रवाई नहीं की।

इसके अलावा उन्होंने कहा कि मुंडका और दक्षिनपुरी सहित अन्य क्षेत्रों में मतदान से एक रात पहले BJP के सदस्यों ने गरीब लोगों को मंदिरों में इकट्ठा करके पैसा या प्रलोभन भी दिया जिसकी जांच चुनाव आयोग ने नहीं की। सौरभ भारद्वाज ने चिंता जताते हुए कहा किअगर BJP इतने छोटे चुनाव में इस तरह की बेईमानी करती है, तो बड़े चुनावों में क्या होगा।

बता दें, इससे पहले चुनाव प्रचार के अंतिम दिन शुक्रवार को प्रमुख दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों ने रोड शो, नुक्कड़ सभाएं और घर-घर जाकर संपर्क किया। चुनाव प्रचार के अंतिम दिन मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शालीमार बाग बी वार्ड में रोड शो के दौरान दावा किया कि सभी वार्ड में भाजपा उम्मीदवारों को लोगों का जबरदस्त आशीर्वाद मिल रहा है और यह तीन दिसंबर को आने वाले परिणामों में दिखाई देगा।

एमसीडी के 12 वार्ड के लिये 30 नवंबर को होने वाले उपचुनाव में 26 महिलाओं सहित कुल 51 उम्मीदवार मैदान में हैं। भाजपा ने सबसे अधिक आठ महिलाओं को मैदान में उतारा है, आप ने छह और कांग्रेस ने पांच महिलाओं को उम्मीदवार बनाया है। फरवरी में दिल्ली विधानसभा चुनावों में 70 में से 48 सीट जीतकर और मुख्यमंत्री गुप्ता के नेतृत्व में सरकार बनाने के बाद भाजपा के सामने यह पहली बड़ी चुनावी चुनौती है।

एमसीडी के जिन 12 वार्ड में उपचुनाव होने जा रहे हैं, उनमें से नौ पहले भाजपा के पास थे और तीन आप के पास। शालीमार बाग जैसी सीट भाजपा के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई होगी, जहां से गुप्ता विधानसभा चुनाव जीतने से पहले पार्षद थीं। भाजपा के लिए द्वारका बी, ग्रेटर कैलाश और विनोद नगर सीट भी पार्टी के लिए महत्वपूर्ण हैं। द्वारका बी सीट भाजपा की कमलजीत सहरावत द्वारा पश्चिमी दिल्ली सीट से लोकसभा के लिए चुने जाने के बाद खाली हुई है।

भाजपा की दिल्ली इकाई के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने कहा, हम शालीमार बाग बी और द्वारका बी सीट पर विशेष ध्यान दे रहे हैं, क्योंकि ये सीट पहले हमारे प्रमुख नेताओं के पास थीं। पार्टी को न केवल इन दोनों वार्ड में जीत का भरोसा है, बल्कि अपनी पिछली नौ सीट की संख्या में भी सुधार करने का भरोसा है।

दिल्ली में सत्ता गंवाने के बाद आप भी अपना प्रदर्शन सुधारकर भाजपा को पटखनी देने की कोशिश कर रही है। पार्टी के चुनाव प्रचार अभियान का नेतृत्व दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी, प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज, राज्यसभा सदस्य संजय सिंह और दिल्ली के पूर्व मंत्री गोपाल राय कर रहे हैं। आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने प्रचार में हिस्सा नहीं लिया। आतिशी ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने बिजली और पानी की आपूर्ति, सड़क और वायु प्रदूषण के मोर्चे पर विफल होकर दिल्ली को पूरी तरह से बर्बाद कर दिया है।



Source link

Scroll to Top