बिहार MLC चुनाव से पहले JDU में ‘गुटबाजी’, अनंत के साथ ललन सिंह, नीरज के साथ नीतीश के बेटे निशांत – bihar politics jdu divided over anant singh neeraj kumar dispute ntc apdy


बिहार में JDU के अंदर अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच चल रहा विवाद MLC चुनाव के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है. अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच टकराव के मामले में अब JDU के दो बड़े चेहरों ने अलग-अलग लाइन ले ली है, जिससे पार्टी के अंदर एक नई चर्चा शुरू हो गई है.

एक तरफ केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने अनंत सिंह के पक्ष को सामने रखा है और उनके समर्थन में खड़े नजर आ रहे हैं, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे और स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने नीरज कुमार का समर्थन किया है.

ललन सिंह ने सोमवार को अनंत सिंह से हुई बातचीत का हवाला देते हुए कहा कि अनंत सिंह की पार्टी को लेकर कुछ शिकायतें हैं. उन्होंने कहा कि जब 2024 में NDA सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव आया था, तब JDU के कई नेताओं ने अनंत सिंह से सरकार के समर्थन की अपील की थी. उस दौरान अनंत सिंह निर्दलीय विधायक थे. अनंत सिंह ने नीतीश कुमार के प्रति सम्मान और बिहार में विकास के काम को देखते हुए सरकार का समर्थन किया था.

ललन सिंह के मुताबिक, इसके बाद अनंत सिंह जब नीतीश कुमार से मिलने गए थे, तब नीतीश कुमार ने उनसे मोकामा से विधानसभा चुनाव लड़ने को कहा था. ललन सिंह ने कहा कि इस बातचीत के गवाह जनता दल यूनाइटेड के मौजूदा कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा समेत कई नेता हैं.

 अनंत सिंह के खिलाफ प्रचार और बयानबाजी हुई

ललन सिंह ने नीरज कुमार का नाम लिए बगैर कहा कि 2025 बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान अनंत सिंह के खिलाफ प्रचार और बयानबाजी हुई. उनका कहना है कि उस समय पार्टी को कार्रवाई करनी चाहिए थी, लेकिन प्रदेश स्तर पर पार्टी से चूक हुई. यानी स्पष्ट है कि ललन सिंह का भी मानना है कि 2025 में जब अनंत सिंह मोकामा से विधानसभा चुनाव लड़ रहे थे, तो नीरज कुमार ने उनके खिलाफ प्रचार-प्रसार किया था, जो कहीं न कहीं पार्टी लाइन के विरुद्ध था. लेकिन उस वक्त पार्टी ने नीरज कुमार के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की.

ललन सिंह के मुताबिक, चुनाव को लेकर हाल में ही पार्टी की बैठक में अनंत सिंह ने अपनी शिकायतें सामने रखीं. उन्होंने पूछा कि क्या उनके खिलाफ चुनाव प्रचार किया गया था, क्या उनके खिलाफ बयान दिए गए थे और क्या उनके विरोधियों के साथ मिलकर उनके खिलाफ अभियान चलाया गया था? ललन सिंह ने कहा कि बैठक में इन सवालों का कोई जवाब नहीं मिला.

इसी वजह से अनंत सिंह ने अब MLC चुनाव में नीरज कुमार के लिए वोट मांगने से इनकार कर दिया. ललन सिंह के मुताबिक, अनंत सिंह का कहना है कि जिसने उनके लिए वोट नहीं मांगा, उसके लिए वह वोट नहीं मांगेंगे. इशारों-इशारों में ललन सिंह ने यह भी कह दिया कि 2024 में जब वह मुंगेर से लोकसभा चुनाव लड़ रहे थे, तब उस दौरान भी नीरज कुमार ने उनके खिलाफ माहौल बनाया था.

हालांकि, ललन सिंह ने यह भी कहा कि उन्होंने अनंत सिंह से अब कोई सार्वजनिक बयान नहीं देने की अपील की है. उनके मुताबिक, अनंत सिंह ने इस पर सहमति जताई है. अनंत सिंह ने कहा है कि वह पार्टी के साथ थे, पार्टी के साथ हैं और पार्टी के साथ रहेंगे.

निशांत कुमार ने नीरज कुमार को दिया समर्थन

दूसरी तरफ, निशांत कुमार ने नीरज कुमार का समर्थन किया है. ऐसे में अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच चल रहे विवाद में अब ललन सिंह और निशांत कुमार की अलग-अलग पोजिशनिंग साफ दिखाई दे रही है. हालांकि, अभी इस वक्त जनता दल यूनाइटेड के अंदर जो चल रहा है, उसे ललन सिंह बनाम निशांत कुमार की लड़ाई कहना जल्दबाजी होगा. लेकिन अनंत सिंह के पक्ष में ललन सिंह का बयान और नीरज कुमार के समर्थन में निशांत कुमार का सामने आना JDU के अंदर एक नई चर्चा की शुरुआत हो गई है. अब नजर इस बात पर है कि JDU नेतृत्व अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच चल रहे विवाद को कैसे संभालता है और आने वाले चुनाव में इसका क्या असर पड़ता है.

—- समाप्त —-



Source link

Scroll to Top