TRAI New Rules: TRAI ने टेलीकॉम कंज्यूमर प्रोटेक्शन रेगुलेशन 2026 जारी कर दिया है। इस पर राघव चड्ढा ने X पर वीडियो पोस्ट कर सबको बधाई दी है। उन्होंने यह भी बताया कि इस मुद्दे को उन्होंने मार्च में संसद में उठाया था। इसके बाद सरकार ने अब सभी मांगों को मान लिया है। ऐसे में अब लोगों को बिना इंटरनेट वाले सस्ते रिचार्ज प्लान और 30 दिनों की वैलेडिटी के साथ प्लान मिल पाएंगे।

गौरतलब है कि TRAI के नए नियमों के मुताबिक कंपनियों को सस्ते प्लान लाने के लिए कहा है। इसके साथ ही 28 दिन के रिचार्ज की जगह 30 दिन की वैधता अनिवार्य कर दी है। इसके अलावा जो लोग इंटरनेट नहीं चाहते उनके लिए सस्ते वॉइस ओनली प्लान भी लाने को कहा है।
TRAI ने क्या किया और राघव चड्ढा ने क्या कहा?
सांसद राघव चड्ढा ने X पर पोस्ट कर लोगों को बधाई दी कि उनकी मांगों को सरकार ने मान लिया है और TRAI ‘टेलीकॉम कंज्यूमर प्रोटेक्शन रेगुलेशन 2026’ लेकर आया है। इन नियमो के मुताबिक अब कंपनियों को 30 दिन की वैलिडिटी वाले टैरिफ वाउचर पेश करने होंगे।
इसके अलावा सिर्फ कॉलिंग और एसएमएस की सुविधा वाले प्लान भी उपलब्ध कराने होंगे। राधव ने इसे लेकर वीडियो पोस्ट किया और कहा कि जितनी सर्विस आपको चाहिए, अब आपको सिर्फ उतना ही पैसा चुकाना पड़ेगा।
संसद में हमने प्रीपेड यूजर्स के हक की आवाज उठाई थी और आज सरकार व ट्राई ने हमारी सभी मांगें स्वीकार कर ली हैं। अब उपभोक्ताओं पर जबरन 13वें रिचार्ज और महंगे डेटा प्लान का बोझ नहीं डाला जा सकेगा।
— राघव चड्ढा, राज्यसभा सांसद
संसद में राघव चड्ढा ने उठाया था मामला
राघव चड्ढा ने अपने पोस्ट में जिक्र किया है कि उन्होंने इस मुद्दे को संसद में 11 मार्च 2026 उठाया था। बता दें कि वे तब आम आदमी पार्टी की ओर से राज्यसभा सांसद थे। उन्होंने तब संसद में बात रखते हुए कहा था कि कंपनियां 28 दिन की वैलिडिटी देकर साल में लोगों से 13 रिचार्ज करवा लेती हैं। इसके अलावा कई लोगों को सिर्फ इनकमिंग के लिए फोन रिचार्ज कराना होता है और ऐसे लोगों को इंटरनेट की जरूरत नहीं होती। ऐसे लोगों के लिए बिना इंटरनेट वाले सिर्फ कॉलिंग वाले प्लान लाने की बात भी राघव चड्ढा ने ही उठाई थी।
आम लोगों के लिए क्या बदलेगा?
- TRAI के नए नियमों के बाद अब आम लोगों के सिर से मोबाइल रिचार्ज का कुछ बोझ कम हो सकता है।
- इनकी वजह से अब लोगों को साल में 13 रिचार्ज नहीं कराने पड़ेंगे क्योंकि अब 30 दिन की वैलिडिटी वाले प्लान लोगों को मिलेंगे।
- इसके अलावा वे लोग जो इंटरनेट इस्तेमाल नहीं करते या फिर वे लोग जो एक से ज्यादा सिम कार्ड रखते हैं, वे अपना सिम एक्टिव रखने के लिए सस्ते बिना इंटरनेट वाले प्लान रिचार्ज करवा पाएंगे। अभी तक हर रिचार्ज पैक में इंटरनेट जरूर मिलता है भले किसी को उसकी जरूरत हो या न हो।



