दिल्ली में संसद के मॉनसून सत्र की शुरुआत हो गई है. मॉनसून सत्र के पहले दिन राम मंदिर चढ़ावा चोरी को लेकर विपक्ष के हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही बार-बार स्थगित करनी पड़ी, वहीं राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने नीट पेपर लीक को लेकर जंतर-मंतर पर प्रोटेस्ट का मुद्दा उठाया. कॉक्रोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने संसद मार्च का ऐलान भी किया था.
जंतर-मंतर पर जुटे छात्रों पर दिल्ली पुलिस ने लाठीचार्ज भी किया. अब संसद से विपक्षी सांसदों के जंतर-मंतर मार्च का सिलसिला शुरू हो गया है. समाजवादी पार्टी (सपा) की सांसद डिंपल यादव की अगुवाई में सपा सांसदों ने जंतर-मंतर मार्च किया. डिंपल यादव के साथ प्रिया सरोज, इकरा हसन और सपा के अन्य सांसद हाथों में तख्तियां लेकर जंतर-मंतर के लिए निकल पड़े.
सपा सांसदों ने अपने हाथ में जो तख्तियां ले रखी थीं, उन पर पेपर लीक, नीट है या चीट है जैसे नारे लिखे हुए थे. सपा सांसदों के जंतर-मंतर मार्च को लेकर डिंपल यादव ने कहा कि देश का युवा, देश का छात्र सरकार से बहुत परेशान है. डिंपल यादव ने कहा कि सभी के अधिकार इस सरकार ने छीन लिए हैं. चाहे शिक्षा का अधिकार हो या शुचितापूर्ण परीक्षा का, इस सरकार ने कुछ भी नहीं छोड़ा है.
उन्होंने आरोप लगाया कि पूरी सरकार भ्रष्टाचार में डूबी हुई है. डिंपल यादव ने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि नीट परीक्षा पेपर लीक के कारण 20 लोगों की जान गई. इन मौतों के लिए शिक्षा मंत्री ही जिम्मेदार हैं. अगर कोई कार्रवाई नहीं होती है, तो हम इस मुद्दे को संसद के भीतर पूरी ताकत के साथ उठाएंगे.
उन्होंने राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी का मुद्दा भी संसद में पूरी ताकत से उठाने की बात कही. डिंपल यादव ने कहा कि यह ऐसी सरकार है, जो स्कूल बंद कराती है, पेपर लीक कराती है और बच्चों का भविष्य बर्बाद कर रही है. गौरतलब है कि राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने सदन में प्रोटेस्ट कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सरकार दबाना चाहती है, मारना चाहती है.
—- समाप्त —-


