राजधानी को मिला पहला ऑल-विमेन पुलिस स्टेशन, महिलाओं से जुड़े मामलों पर तुरंत होगी कार्रवाई, 30 पुरुष पुलिसकर्मियों की भी होगी तैनाती – delhi sabzi mandi opens its first dedicated women police station with modern support facilities


दिल्ली का पहला समर्पित महिला थाना सब्जी मंडी में तैयार हो गया है। अत्याधुनिक सुविधाओं, प्रशिक्षित स्टाफ, बच्चों के प्ले एरिया और 24 घंटे सक्रिय विशेष टीम के साथ यह थाना महिलाओं से जुड़ी शिकायतों के त्वरित और प्रभावी निस्तारण पर केंद्रित रहेगा।

Delhi women police station
दिल्ली का पहला महिला थाना तैयार
नई दिल्ली: राजधानी में महिलाओं की सुरक्षा और उन्हें बेहतर पुलिसिंग सुविधा मुहैया कराने के लिए दिल्ली का पहला समर्पित महिला थाना सब्जी मंडी इलाके में तैयार हो गया है। अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस इस थाने का संचालन जल्द शुरू होगा। यहां महिलाओं से जुड़े मामलों की सुनवाई और जांच को अधिक तेज और प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

यह थाना दो अलग-अलग इमारतों में बनाया गया है। मुख्य भवन में एसएचओ, एटीओ, ड्यूटी ऑफिसर और जांच अधिकारी मौजूद होंगे। एसएचओ सहित जांच अधिकारियों (IO) के लिए अलग-अलग कमरे हैं। वहीं, एक आधुनिक सीसीटीवी कंट्रोल रूम भी है, जहां से पूरे परिसर की निगरानी की जाएगी। दूसरी इमारत में पुलिस स्टाफ समेत अन्य महिलाओं के लिए जिम, कैंटीन और अन्य सुविधाएं तैयार की गई हैं। बच्चों के लिए विशेष प्ले एरिया भी बनाया गया है। पीड़ित महिलाओं के साथ आने वाले बच्चे यहां खेल सकेंगे।

वेटिंग एरिया में सोफे, वॉटर कूलर

थाने में एंट्री करते ही रिसेप्शन है, जहां महिलाएं जरूरी जानकारी ले सकेंगी। वेटिंग एरिया में आरामदायक सोफे लगाए गए हैं, जबकि परिसर में जगह-जगह वॉटर कूलर भी लगाए गए हैं।

थाने की कमान महिला इंस्पेक्टर के हाथ

महिला थाने की कमान इंस्पेक्टर लक्ष्मी सिंह को सौंपी गई है। नॉर्थ जिले के किसी भी थाना क्षेत्र में महिलाओं से संबंधित अपराध होने पर पीड़िताएं इस थाने में शिकायत दर्ज करा सकेंगी। हालांकि स्थानीय थानों में भी वह जा सकेंगी।

थाने में स्टाफ की संख्या

रैंकपुरुषमहिला
इंस्पेक्टर01
सब इंस्पेक्टर47
एएसआई131
हेड कॉन्स्टेबल87
कॉन्स्टेबल512

दिल्ली के पहले महिला थाने की 5 खासियतें

  • सोशल मीडिया, ऑनलाइन अपराध और कंप्यूटर संबंधी मामलों की समझ रखने वाले प्रशिक्षित स्टाफ होंगे तैनात
  • हाईटेक सुविधाओं से लैस है।
  • बच्चों के लिए प्ले एरिया भी है।
  • वेटिंग एरिया में सोफे, वॉटर कूलर।
  • जिम-कैंटीन की भी सुविधा है।

24 घंटे सक्रिय रहेगी विशेष टीम

महिलाओं से जुड़े मामलों में तुरंत कार्रवाई के लिए 24 घंटे सक्रिय रहने वाली एक विशेष टीम बनाई गई है। थाने को पूरी तरह हाईटेक बनाया गया है। यहां सोशल मीडिया, ऑनलाइन अपराध और कंप्यूटर संबंधी मामलों की समझ रखने वाले प्रशिक्षित पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। इसके लिए आधुनिक कंप्यूटर सिस्टम और हाई-स्पीड इंटरनेट की व्यवस्था है। थाने में 58 पुलिसकर्मियों की तैनाती होगी।

महिलाओं के खिलाफ अपराधों की जांच-पड़ताल, केस दर्ज करने और इन्वेस्टिगेशन के मकसद से नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट के सब्जी मंडी पुलिस स्टेशन कॉम्प्लेक्स में महिला थाना बनाया गया है। एक सामान्य पुलिस स्टेशन की तरह सभी जरूरी चीजें, पर्याप्त एसी, कंप्यूटर, वॉटर कूलर आदि उपलब्ध कराए गए हैं। इस थाने में कोई अलग लॉकअप नहीं है। इसके लिए सब्जी मंडी पुलिस स्टेशन के लॉकअप का इस्तेमाल किया जाएगा। यहां आधुनिक सुविधाओं के साथ प्रशिक्षित स्टाफ तैनात रहेगा। हमारी कोशिश है कि महिलाओं से जुड़ी शिकायतों का तुरंत निस्तारण हो और उन्हें एक भरोसेमंद और सहज पुलिसिंग वातावरण मिले।

राजा बांठिया, डीसीपी, नॉर्थ दिल्ली

  • अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस इस थाने का संचालन जल्द शुरू होने वाला है
  • महिला पुलिसकर्मियों और आसपास की महिलाओं के लिए जिम की भी सुविधा है यहां
  • थाने में आने वाली महिलाओं के बच्चों के लिए भी प्ले एरिया तैयार किया गया है
टीना

लेखक के बारे मेंटीना“टीना नवभारत टाइम्स ऑनलाइन में बतौर कंसल्टेंट कार्यरत हैं और डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में अपनी पहचान बनाने की प्रक्रिया में हैं। फिलहाल वह नेशनल, क्राइम, जंगल न्यूज, गुड न्यूज और लोकल खबरों पर सक्रिय रूप से काम कर रही हैं।

इसके अलावा, एनबीटी की सोशल मीडिया टीम के साथ मिलकर वह लगातार डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर यूज़र्स तक प्रभावशाली और भरोसेमंद कंटेंट पहुंचाने का काम कर रही हैं।

टीना ने अपने करियर की शुरुआत ‘फेमिनिज्म इन इंडिया’ से की, जहां उन्होंने समावेशी सोच, जेंडर संवेदनशीलता और सामाजिक मुद्दों को गहराई से समझा। और वहीं, समावेशी दुनिया की परिकल्पना से वाकिफ हुईं।

टीना का सकारात्मक पत्रकारिता और समावेशी लेखन की ओर बेहद झुकाव है। साथ ही, वह सीखने की प्रक्रिया में विश्वास रखती हैं।

टीना ने दिल्ली विश्वविद्यालय के लेडी श्री राम कॉलेज फॉर विमेन से स्नातक और डीयू से ही पत्रकारिता में डिप्लोमा भी प्राप्त किया। इसके बाद उन्होंने, गुरु जम्भेश्वर यूनिवर्सिटी ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी, हिसार से पत्रकारिता में परास्नातक की डिग्री हासिल की और डिजिटल मीडिया में कदम रखा।”… और पढ़ें