दुबई से आई इंडिगो फ्लाइट में ‘गोल्डन’ खेल! टॉयलेट में छिपा रखे थे 24 सोने के बिस्किट, दावेदार कोई नहीं – indigo flight gold smuggling ahmedabad airport toilet gold biscuits ntcn dhrj


अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने सोने की तस्करी के एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया है. यहां दुबई से आई इंडिगो की एक फ्लाइट में किसी ने सोचा भी नहीं होगा कि तस्कर सोने को कहां छिपा सकते हैं. कस्टम अधिकारियों ने विमान की तलाशी के दौरान टॉयलेट के अंदर लगे एक स्पीकर बॉक्स से करीब ₹4.26 करोड़ कीमत का सोना बरामद किया है. तस्करों का यह नया तरीका देखकर खुद अधिकारी भी हैरान रह गए.

यह पूरी कार्रवाई 12 जून को एक गुप्त सूचना के आधार पर की गई. जैसे ही इंडिगो की फ्लाइट नंबर 6E-1478 दुबई से अहमदाबाद एयरपोर्ट पर लैंड हुई, कस्टम्स की एयर इंटेलिजेंस यूनिट अलर्ट हो गई. टीम ने एयरक्राफ्ट इंजीनियरों की मदद लेकर विमान के अगले हिस्से में बने टॉयलेट की बारीकी से जांच शुरू की. इस दौरान टॉयलेट के स्पीकर बॉक्स के अंदर काले प्लास्टिक टेप में लिपटे दो संदिग्ध पाउच दिखाई दिए.

कस्टम विभाग ने जब्त किया बिना दावे का सोना

जब अधिकारियों ने उन दोनों पाउच को खोलकर देखा, तो उनके अंदर से 24 कैरेट शुद्धता वाले सोने के 24 बिस्किट निकले. बरामद हुए इस सोने का कुल वजन 2,799.3 ग्राम है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत ₹4,26,89,325/- आंकी गई है. सबसे दिलचस्प बात यह रही कि इतनी बड़ी बरामदगी के बाद भी किसी ने इस सोने पर अपना दावा नहीं किया. ऐसे में कस्टम्स एक्ट, 1962 के तहत इसे बिना दावे वाली संपत्ति मानते हुए जब्त कर लिया गया है. अब विभाग यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि आखिर यह सोना विमान के टॉयलेट तक पहुंचा कैसे और इसके पीछे कौन लोग हैं.

एयरपोर्ट पर सोने की तस्करी का यह कोई पहला मामला नहीं है. इससे ठीक एक दिन पहले ही वेरावल के एक यात्री को कस्टम टीम ने पकड़ा था, जो अपने साथ ₹60 लाख से ज्यादा कीमत के सोने के हुक छिपाकर ला रहा था. फिलहाल, कस्टम विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों की टीम एयरपोर्ट और विमान से जुड़े सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि सोना किसने छिपाया था. साथ ही, जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि इस तस्करी के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो काम नहीं कर रहा.
 

—- समाप्त —-



Source link

Scroll to Top