स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के स्टार तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार आईपीएल 2026 (IPL 2026) में शानदार प्रदर्शन के कारण एक बार फिर चर्चा का केंद्र बन गए हैं। भुवी ने सीजन में 28 विकेट लिए और यही वजह है कि भारतीय टीम में उनकी वापसी की मांग बढ़ गई है।
भुवी का प्रभाव इससे भी पता चलता है कि महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर (Sachin Tendulkar) ने एक वीडियो जारी करके आरसीबी के पेसर की सफल गेंदबाजी का विश्लेषण किया। भुवनेश्वर कुमार (Bhuvneshwar Kumar) ने आखिरकार भारतीय टीम में अपनी वापसी को लेकर चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने गेंद सेलेक्टर्स के पाले में डाली है।
भुवी ने क्या कहा
भुवनेश्वर कुमार ने इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में कहा, ‘मेरा नेचर है कि मैं नहीं दिखाना चाहता कि खेलना चाहता हूं। मेरे ख्याल से सभी अपना काम कर रहे हैं। सेलेक्टर्स अपना काम कर रहे हैं। मैं अपना काम कर रहा हूं। चयन करना उनकी जिम्मेदारी है। अगर उन्हें लगता है कि मैं पर्याप्त हूं तो वो अपना काम करेंगे।’
भारत का प्रतिनिधित्व करके खुश
भुवनेश्वर कुमार ने साथ ही कहा कि भारत (India Cricket Team) का प्रतिनिधित्व करना सम्मान की बात है और वो खुद को भाग्यशाली समझते हैं कि ऐसा कर सके। तेज गेंदबाज ने कहा, ‘मैंने खेला। मैंने वो किया, जो करना चाहता था। अगर मैंने नहीं खेला होता तो एक मैच खेलने के लिए बेताब होता। मेरे ख्याल से भारत के लिए खेलना बड़ी बात है। मैं उन भाग्यशाली लोगों में से एक हूं, जो ऐसा कर पाया।’
भुवी का करियर
याद दिला दें कि 36 साल के भुवनेश्वर कुमार ने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच जनवरी 2022 में खेला था। उन्होंने 21 टेस्ट में 63 विकेट लिए। 121 वनडे में 141 विकेट और 87 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 90 विकेट चटकाए हैं। बता दें कि भुवनेश्वर कुमार को भारत के आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे व एशियन गेम्स के लिए टी20 स्क्वाड में नहीं चुना गया। देखना दिलचस्प होगा कि आगे आने वाले समय में उन्हें नीली जर्सी पहनने का मौका मिलेगा या नहीं।


