वनडे विश्व कप में इस बार कुछ ऐसा होते हुए नजर आ सकता है, जो इससे पहले कभी नहीं हुआ। जिस देश के पास विश्व कप की मेजबानी है, वही इस टूर्नामेंट से बाहर हो सकता है। हालांकि अभी इसके लिए इंतजार करना होगा, लेकिन जो समीकरण बन रहे हैं, वो तो इसी ओर इशारा कर रहे हैं। कुल मिलाकर मामला फंसा हुआ है और कुछ ऐतिहासिक होने की संभावना काफी प्रबल दिख रही है।
साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में खेला जाएगा अगले साल का वनडे विश्व कप
अगले साल का वनडे विश्व कप साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में खेला जाएगा। आईसीसी के फुल मेंबर होने के नाते साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे को इस टूर्नामेंट में सीधे एंट्री मिल चुकी है, लेकिन नामीबिया चूक गया है, क्योंकि वो केवल एसोसिएट मेंबर ही है। नामीबिया को बाकी टीमों की तरह क्वालीफाई करके जाना होगा, लेकिन इस दौड़ में वो काफी पीछे नजर आ रहा है। उसके लिए संभावना तो जीवित हैं, लेकिन रास्ता दिनोंदिन काफी कठिन होता चला जा रहा है।
क्रिकेट विश्व कप लीग 2 के मुकाबले इस वक्त खेले जा रहे हैं
आईसीसी की ओर से इस वक्त विश्व कप में क्वालीफिकेशन के लिए क्रिकेट विश्व कप लीग 2 का आयोजन किया जा रहा है। इसमें कुल मिलाकर 8 टीमें खेल रही हैं। इस टूर्नामेंट की टॉप 4 टीमें अगले राउंड में चली जाएंगी, लेकिन नीचे की चार टीमों को एक और मौका मिलेगा, जो काफी मुश्किल रास्ता है। अभी नामीबिया की टीम अंक तालिका में छठे स्थान पर है, यहां से चौथे पर जाना है तो संभव, लेकिन ऐसा होना बहुत ज्यादा मुश्किल नजर आता है, जिसे करीब करीब ना ही समझा जाना चाहिए।
वनडे विश्व कप 2027 में हिस्सा लेंगी कुल 14 टीमें
इस बीच आपको कुछ जरूरी बातें जाननी चाहिए। इस बार यानी साल 2027 में जो वनडे विश्व कप होगा, उसमें कुल 14 टीमें हिस्सा ले रही हैं। इनमें से 10 टीमें तो आईसीसी रैंकिंग और फुल मैंबर से आ जाएंगी। यानी आईसीसी रैंकिंग में जो टीम टॉप 8 में होंगी वो, और 2 फुल मेंबर यानी मेजबान देश टीमें सीधे एंट्री पा जाएंगी। इसके बाद जो चार स्थान बाकी बचेंगे, उसके लिए जंग होगी।
ये है विश्व कप खेलने का सीधा और टेढ़ा रास्ता
जैसा कि हमने आपको पहले ही बताया कि इस वक्त क्रिकेट विश्व कप लीग 2 का आयोजन किया जा रहा है। इसकी अंक तालिका में जो टीमें टॉप 4 में रहेंगी, वो सीधे मुख्य वर्ल्ड कप क्वालीफायर में चली जाएंगी, लेकिन जो टीमें नीचे रह जाएंगी, उन्हें क्वालीफायर प्लेऑफ खेलने का मौका मिलेगा। यहां जीतने के बाद मुख्य वर्ल्ड कप क्वालीफायर खेलना होगा। यहां 10 टीमों के बीच मुकाबला होगा। इसमें जो भी टीमें टॉप-4 में रहेंगी, उन्हें 2027 वनडे विश्व कप का टिकट मिल जाएगा। लेकिन ये जितना आसान सुनने या पढ़ने में लग रहा है, उतना है नहीं।
क्रिकेट विश्व कप लीग 2 की अभी ऐसी है अंक तालिका
क्रिकेट विश्व कप लीग 2 की अंक तालिका में यूएएस पहले, स्कॉटलैंड दूसरे, ओमान तीसरे और नीदरलैंड्स फिलहाल चौथे स्थान पर है। अपने मैच जीतकर नेपाल ने नंबर पांच की कुर्सी हथिया ली है। नामीबिया की टीम इस वक्त नंबर 6 पर है और उसके पास 22 अंक हैं। नेपाल के भी 22 अंक हैं, लेकिन उसका नेट रन रेट अच्छा है, इसलिए वो आगे है। नंबर चार की टीम नीदरलैंड्स के 28 अंक हैं, नामीबिया को वहां तक पहुंचना होगा। जो फिलहाल होते हुए नजर नहीं आ रहा है। यानी नामीबिया को अपना हर मैच जीतना होगा, तभी बात बनेगी।
बाहर होकर भी इतिहास रच देगी नामीबिया की क्रिकेट टीम
आईसीसी वनडे विश्व कप के इतिहास में कभी ऐसा नहीं हुआ है कि कोई मेजबान देश ही टूर्नामेंट न खेल रहा हो, लेकिन इस बार ऐसा होते हुए नजर आ रहा है। नामीबिया के लिए आगे की राह काफी ज्यादा मुश्किल है। यानी नामीबिया की टीम खेले तो बात अलग है, लेकिन अगर बाहर हो गई तो इतिहास बन जाएगा, जो आने वाले कई साल तक याद रखा जाएगा।
यह भी पढ़ें
ऑरेंज कैप की रेस में नया मोड़, कौन है अब तक सबसे ज्यादा रन बनाने वाला बल्लेबाज
IPL Points Table: केकेआर ने जीत के बाद जिंदा रखी उम्मीदें, अंक तालिका में प्लेऑफ के समीकरण फंसे


