सम्राट के मंत्री का कमाल, ईंधन बचाने को वंदे भारत से चले, लेकिन पहले ही जमुई भेज दिया गाड़ियों का काफिला? – minister sanjay singh train travel for fuel saving but sent his convoy vehicles patna to jamui in advance


Minister Sanjay Singh Jamui Visit: बिहार की सम्राट सरकार के मंत्री संजय सिंह आज वंदे भारत ट्रेन से जमुई पहुंचे। लेकिन मंत्री ने पहले ही पटना से अपनी गाड़ी और काफिले को जमुई भेज दिया। वापसी में मंत्री अपनी कार से रवाना हुए।

Minister Sanjay Singh Jamui Visit
संजय सिंह ने पटना से जमुई वंदे भारत ट्रेन से गए, लेकिन वापस अपनी गाड़ी से आए।
पटना/जमुई: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचाने की अपील का कई राज्यों में असर दिखने लगा है। कई मंत्रियों ने अपने काफिले में गाड़ियों की संख्या कम कर दी है तो कई मंत्रियों ने ट्रेन से सफर करना भी शुरू कर दिया है। ऐसी की एक तस्वीर बिहार से सामने आई है। दरअसल बिहार सरकार के लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के मंत्री संजय सिंह ने आज मंगलवार को पटना से जमुई का सफर ट्रेन में किया। हालांकि मंत्री का ट्रेन का सफर केवल सुर्खियां बटोरने का एक स्टंट मात्र बनकर रह गया, जब सोशल मीडिया पर ये बातें शुरू हो गईं कि उन्होंने अपने काफिले की गाड़ियां पहले ही पटना से जमुई भेज दी थीं।

ट्रेन से वंदे भारत में रवाना हुए संजय सिंह

मिली जानकारी के मुताबिक, संजय सिंह को बिहार सरकार ने जमुई जिले का प्रभारी मंत्री बनाया है। जमुई जिले का प्रभारी मंत्री बनाए जाने के बाद आज संजय सिंह ने अपनी पहली ऑफिशियली यात्रा शुरू की। हालांकि इस बार मंत्री ने बाया रोड जाने की जगह वंदे भारत ट्रेन से जमुई की यात्रा करने का फैसला किया।

पटना में मंत्री ने दिया पेट्रोल डीजल बचाने का संदेश

पटना रेलवे स्टेशन पर मंत्री संजय सिंह पहुंचे तो मीडिया ने उनसे बात करते हुए ट्रेन से सफर के बारे में सवाल किया। इसके जवाब में मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ईंधन बचाने और पर्यावरण संरक्षण की अपील से प्रभावित होकर ये कदम उठाया है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल की बचत करना केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि हर नागरिक का दायित्व है।

जमुई में मंत्री ने योजनाओं की जानकारी ली, खिंचवाईं फोटो

करीब 2 घंटे का वंदे भारत ट्रेन में सफर करने के बाद मंत्री संजय सिंह जमुई पहुंचे। यहां जमुई के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने मंत्री का स्वागत किया। इस दौरान मंत्री ने अधिकारियों से जिले में चल रही योजनाओं की जानकारी ली। जमुई में मंत्री ने फोटो खिंचवाए और मीडिया से बात की। संजय सिंह ने कहा कि जमुई से इनका लगाव रहा है। ऐसे में उन्हें जमुई जिले का प्रभारी मंत्री बनाए जाना उनके लिए सम्मान की बात है।

ट्रेन से नहीं, अपनी गाड़ी में बैठ रवाना हुए मंत्री संजय सिंह

मंत्री जमुई में करीब 30 मिनट तक रुके। इसके बाद मंत्री चलने को हुए तो उनकी गाड़ी वहां आ गई। सम्राट सरकार के मंत्री संजय सिंह आए तो ट्रेन से थे, लेकिन उन्होंने वापस ट्रेन से जाना मुनासिब नहीं समझा और लपक से अपनी गाड़ी में जा बैठे। उनके पीछे भी करीब 7 से 8 गाड़ियों का काफिला पटना के लिए चल पड़ा।

सुधेंद्र प्रताप सिंह

लेखक के बारे मेंसुधेंद्र प्रताप सिंहसुधेंद्र प्रताप सिंह नवभारत टाइम्स ऑनलाइन में प्रिंसिपल डिजिटल कंटेट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं। वह 2020 में नवभारत टाइम्स की डिजिटल विंग से जुड़े। वर्तमान में राज्य टीम में बिहार-झारखंड और राजस्थान के लिए काम करते हैं। पत्रकारिता की शुरुआत अखबार में रिपोर्टिंग से की। बीते 14 सालों से डिजिटल मीडिया में काम कर रहे हैं। नवभारत टाइम्स में जुड़ने से पहले वह न्यूज18 में सीनियर सब एडिटर की भूमिका में कार्यरत थे।

बिहार की राजनीति, क्राइम, करंट अफेयर्स और ऑफ बीट खबरों पर नजर रखना सुधेंद्र प्रताप की पहली प्राथमिकता रहती है।

विशेषज्ञता- राजनीति, क्राइम, एनलिसिस, सियासी उठा पटक को कवर करना।

पत्रकारिता अनुभव: अखबार और डिजिटल मीडिया में 14 साल से कार्यरत
सुधेंद्र प्रताप सिंह ने साल 2012 में लोकल न्यूज पेपर से पत्रकारिता की शुरुआत की। इसके बाद कल्पतरु एक्सप्रेस अखबार में संपादकीय डेस्क पर काम किया। हिंदुस्तान समाचार पत्र में रिपोर्टिंग की। इसके बाद 2014 में आईबीएन खबर डॉट कॉम से डिजिटल मीडिया में कदम रखा। फिर न्यूज18 हिंदी में सेंट्रल डेस्‍क पर काम किया। वर्तमान में नवभारत टाइम्‍स वेबसाइट के लिए अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

सुधेंद्र प्रताप सिंह ने साल 2008 में प्रतिष्ठित डॉ भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय आगरा से अंग्रेजी में पोस्‍ट ग्रेजुएशन (MA) किया है।इसके बाद साल 2011 में केंद्रीय हिंदी संस्थान, आगरा से पत्रकारिता एवं जनसंचार में पोस्‍ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा किया है।… और पढ़ें