यूपी के हमीरपुर के समाजवादी पार्टी के सांसद अजेंद्र सिंह लोधी की पीएम नरेंद्र मोदी पर आपत्तिजनक टिप्पणी के लिए मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने अखिलेश से माफी मांगने के लिए कहा है।

ब्रेन वाश करने में इतने माहिर हैं अखिलेश
ओपी राजभर ने एक्स पर एक पोस्ट में सपा सांसद के बयान पर अखिलेश यादव से माफी मांगने के लिए कहा है। राजभर ने अपनी पोस्ट में लिखा है, ‘अखिलेश यादव ब्रेन वाश करने में इतने माहिर हैं कि पाकिस्तान के एबटाबाट का मौलाना भी उनके सामने फेल है। मैं उनके साथ गठबंधन में रहा हूं, इसलिए ठीक से जानता हूं। उनसे मिलने के बाद कोई आम इंसान भी किसी को गाली दे दे, पीट दे या गोली मार दे तो ये बहुत सामान्य बात है।’
उन्होंने लिखा है, ‘ऐसा अक्सर होता है, जो उनके कार्यकर्ता करते रहते हैं, उनका रूटीन वर्क है, माननीय योगी आदित्यनाथ जी की सरकार में वे जेल भी जाते हैं, जिसे पूरा प्रदेश आए दिन देखता है। लेकिन एक बात और है अखिलेश यादव अगर ढंग से किसी को समझा दें तो वह ह्यूमन बम बनकर भी फट सकता है।’
‘लोधी ने अखिलेश यादव के शब्द कहे’
राजभर ने लिखा है, ‘सपा के हमीरपुर सांसद ने कल माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के लिए जिस शब्द का इस्तेमाल किया है, वो अखिलेश यादव के ही शब्द हैं। वरना इस तरह की भाषा का प्रयोग कोई जनप्रतिनिधि तो छोड़िए, सामान्य व्यक्ति भी नहीं करता। यह अत्यंत निंदनीय, शर्मनाक और ना-क़ाबिल-ए-बरदाश्त है।’
राजभर ने लिखा है, ‘उत्तर प्रदेश सरकार और यूपी पुलिस से निवेदन है कि ऐसी गंदी सोच रखने वाले व्यक्ति को तुरंत गिरफ्तार कर जेल भेजे। ऐसा व्यक्ति समाज के लिए घातक है। अखिलेश यादव माफी मांगिए, सार्वजनिक तौर पर माफी मांगिए।’
सांसद लोधी की अमर्यादित भाषा
हमीरपुर से सपा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया था। उन्होंने सोमवार को कलेक्ट्रेट में विरोध प्रदर्शन के दौरान पीएम मोदी के लिए अपशब्दों का उपयोग किया। समाजवादी पार्टी ने कलेक्ट्रेट में बिजली के स्मार्ट मीटर, बिजली और पानी के संकट के मुद्दों को लेकर ज्ञापन सौंपा।
बाद में सांसद अजेंद्र सिंह लोधी ने मीडिया से बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री के लिए अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया। उन्होंने यह भी कहा कि उनके कथन पर भाजपा मुकदमा दर्ज कराएगी तो कराने दो, मैं डरने वाला नहीं हूं। उन्होंने प्रधानमंत्री को देशविरोधी तक कह डाला।
उन्होंने कहा कि मोदी जी अच्छा बोलते हैं, पेट्रोल की खपत कम करें, सोना नहीं खरीदें और विदेश यात्राओं पर करोड़ों रुपये खर्च कर दें.. कितना न्याय है, कितने लोकप्रिय प्रधानमंत्री हैं। सांसद लोधी ने इसके साथ अभद्र भाषा भी इस्तेमाल की। उन्होंने कहा कि ऐसा प्रधानमंत्री न अभी तक हुआ है और न ही आने वाली सरकारों में ऐसा मिलेगा।
‘बिजली गुल होने पर भी मीटर घूम रहा’
सपा सांसद ने कहा कि, घरों में स्मार्ट मीटर लगा दिए गए हैं। इनमें बिजली रहे न रहे मीटर बराबर घूमता रहता है। फसल बीमा में बड़ा घोटाला हुआ है। सैकड़ों स्कूल बंद कर दिए गए हैं। स्वास्थ्य सेवाओं का बुरा हाल है। यह देश की नहीं बल्कि अडानी और अंबानी की हितैषी सरकार है। बंगाल में सारी हदें पार कर दीं, एसआईआर के जरिए लाखों वोट खत्म कर दिए गए। फिर भी मन नहीं भरा तो रात में ईवीएम भी बदल दी गईं। उन्होंने कहा कि 27 में सपा की सरकार बन रही है।



