
इमेज स्रोत, ANI
पढ़ने का समय: 6 मिनट
इंडियन क्रिकेट के ‘वंडर किड’ कहे जा रहे वैभव सूर्यवंशी ने शुक्रवार की रात आईपीएल में ‘राजस्थान रॉयल्स’ के लिए ताबड़तोड़ 78 रन बनाए तो एक बार फिर उनकी बैटिंग स्टाइल पर चर्चा तेज हो गई.
26 गेंदों पर सात छक्के और आठ चौकों की मदद से बनाए गए 78 रनों के बाद विरोधी टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के लिए विराट कोहली भी उनकी तारीफ़ करने से खुद को रोक नहीं सके.
मैच ख़त्म होने के बाद वैभव सूर्यवंशी उनके पास ऑटोग्राफ़ लेने पहुंचे तो विराट ने उनकी कैप पर ‘वेलडन वैभव’ लेकर उन्हें शुभकामनाएं दीं.
वैभव सूर्यवंशी ने इस मैच में अपने बल्लेबाज़ी से रॉयल चैलेंजर्स बेंगुलुरू की पूरी रणनीति ध्वस्त कर दी. उनके तूफ़ानी शॉट्स के आगे जॉस हेजलवुड और भुवनेश्वर कुमार जैसे अनुभवी गेंदबाज़ भी बेबस दिखे.
पावर प्ले में उन्होंने बेहद धमाकेदार स्टाइल में शुरुआत की और लगातार तेज रन बनाकर मैच का पूरा गणित बदल दिया.
उनके शुरुआती प्रहारों के बाद राजस्थान रॉयल्स ने 12 गेंदें बाकी रहते लक्ष्य हासिल कर लिया.
राजस्थान ने अभी तक इस टूर्नामेंट में अपने सारे मैच जीते हैं. इसके साथ वैभव सूर्यवंशी ने ऑरेंज कैप भी हासिल कर लिया है.
ऑरेंज कैप टूर्नामेंट में सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी को दी जाती है और ये रोटेट होती है.
चार मैचों में 200 रन बना चुके वैभव सूर्यवंशी दो हाफ़ सेंचुरी बना चुके हैं.
रनों के मामले में वो अपनी ही टीम के बल्लेबाज़ यशस्वी जायसवाल से भी आगे निकल गए हैं.
”जैसे बाकी दुनिया रुक जाती है”

इमेज स्रोत, AFP via Getty Images
कांग्रेस सांसद और लेखक शशि थरूर ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर सूर्यवंशी की तारीफ़ में पोस्ट लिखी. उन्होंने लिखा कि युवा सूर्यवंशी की तेजी से बढ़ती प्रतिभा को देखना सच में अद्भुत है.
उन्होंने लिखा, ”आह! वैभव सूर्यवंशी आउट हो गए. विराट कोहली ने कैच लिया. अब शायद बाकी काम करने का समय है..जैसे ट्वीट करना! ”
उन्होंने कहा, ”युवा सूर्यवंशी का तेजी से उभरना सच में अद्भुत है. 15 साल के इस खिलाड़ी को क्रीज़ पर देखना खेल के बदलते रूप की एक शानदार मिसाल है. उनकी बैट स्पीड, कमाल की टाइमिंग और दमदार शॉट्स, सब कुछ देखने लायक हैं.”
”वह सिर्फ़ क्रिकेट नहीं खेल रहे, बल्कि नई पीढ़ी के लिए बल्लेबाज़ी की परिभाषा बदल रहे हैं.”
” जब भी वह स्ट्राइक पर होते हैं तो जैसे बाकी दुनिया रुक जाती है. मैं खुद हर गेंद देखने के लिए सब कुछ छोड़ देता हूं. ”हम अपनी आंखों के सामने एक दुर्लभ और असाधारण प्रतिभा को उभरते देख रहे हैं.वाकई रोमांचक!”
पूर्व स्पिनर आर अश्विन ने कहा, ”वैभव सूर्यवंशी जिस तरह बल्लेबाज़ी कर रहे हैं, मन करता है कि वे हर आईपीएल टीम के लिए खेलें. मैं उन्हें हर दिन बल्लेबाज़ी करते देखना चाहता हूं, ऐसा लगता है कि वे आउट ही न हों, बस लगातार खेलते रहें. उन्हें देखना ही मज़ा है.”
”किसी भी टीम में, किसी भी फ़ॉर्मेट में,यहाँ तक कि टेस्ट क्रिकेट में भी,उन्हें हर जगह खिलाया जाए.”
वहीं वीरेंद्र सहवाग ने कहा, ” वैभव सूर्यवंशी की 300 स्ट्राइक रेट वाली पारी अविश्वसनीय है. ऐसा प्रदर्शन रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल जैसे शीर्ष खिलाड़ियों से भी कम ही देखने को मिलता है.
” सिर्फ़ 15 साल की उम्र में उन्होंने विश्वस्तरीय गेंदबाज़ों पर दबदबा बनाया.”
”अनुभव के साथ वे बेहद खतरनाक टी-20 बल्लेबाज़ बन सकते हैं.”
वैभव सूर्यवंशी का बेधड़क अंदाज़

इमेज स्रोत, ANI
वैभव सूर्यवंशी ने पिछले सप्ताह मुंबई इंडियंस के ख़िलाफ़ भी दमदार प्रदर्शन किया था.
इस मैच में वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ़ 14 गेंदों पर 39 रन बना डाले.
सबसे ज़्यादा चर्चा रही वैभव सूर्यवंशी के उस छक्के की, जो उन्होंने इस मैच में जसप्रीत बुमराह की पहली ही गेंद पर मारा था.
इसे जसप्रीत बुमराह और वैभव सूर्यवंशी के बीच का मुक़ाबला भी कहा जा रहा था.
आईपीएल में भी वैभव ने तेज़ स्ट्राइक रेट से रन बनाते हुए ख़ुद को एक प्रभावशाली बल्लेबाज़ के तौर पर स्थापित किया है.
पावरप्ले में आक्रामक बल्लेबाज़ी, नए-नए शॉट्स और बड़े शॉट खेलने की क्षमता ने उन्हें बाक़ी युवा खिलाड़ियों से अलग बनाया है.
कम उम्र में इस स्तर की बल्लेबाज़ी और बड़े मंच पर बेख़ौफ़ रवैया उन्हें एक “रिकॉर्ड मेकिंग टैलेंट” के रूप में पेश करता है.
क्या कहते हैं क्रिकेट एक्सपर्ट्स

इमेज स्रोत, Getty Images
क्रिकेट एक्सपर्ट्स का मानना है कि अगर उनका यही प्रदर्शन जारी रहता है, तो वह जल्द ही भारत के लिए इंटरनेशनल डेब्यू कर सकते हैं और नए रिकॉर्ड भी बना सकते हैं.
पिछले साल से आईपीएल में खेल रहे वैभव सूर्यवंशी के लिए 28 अप्रैल 2025 का दिन कभी न भूलने वाला दिन साबित हुआ था.
उस दिन राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए वैभव सूर्यवंशी ने गुजरात टाइटंस के ख़िलाफ़ सिर्फ़ 35 गेंदों पर शतक बना दिया था.
अपनी पारी में उन्होंने 11 छक्के और सात चौके लगाए. उसी पारी से उन्होंने ख़ूब सुर्ख़ियाँ बटोरीं.
वैभव की पारियों को देखने के बाद भारतीय टीम के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज़ सबा करीम ने कहा था, ”मैंने वैभव की यूथ टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ अंडर-19 और कुछ दूसरी पारियों के वीडियो हाइलाइट्स देखे थे. ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ उस मैच में उन्होंने 58 गेंदों में 100 रन बनाए थे. इसे देखने के बाद ही मैं समझ गया था कि इस बच्चे में ख़ास प्रतिभा है.”
उन्होंने कहा था, ”मैं उनसे धुआंधार शतक की उम्मीद तो नहीं कर रहा था. लेकिन इस 14 साल के बल्लेबाज़ को 145 किलोमीटर प्रति घंटा से भी ज़्यादा रफ़्तार से फेंकी गई बेहद उम्दा गेंदों के ख़िलाफ़ खेलते देखना एक शानदार अनुभव था.”
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़ रूम की ओर से प्रकाशित


