हिमाचल में अजब-गजब मौसमः मनाली में ऊंची चोटियों पर बर्फबारी, शिमला-मंडी में खिली धूप, लेह-मनाली NH 6 माह बाद खुलेगा, कब होगी बारिश?


शिमला/ मनाली. हिमाचल प्रदेश में लंबे समय से चल रहा ड्राई स्पेल नहीं टूट रहा है. हालांकि, मनाली की ऊंची चोटियों और रोहतांग पास में हल्की बर्फबारी हुई है. उधर, कुल्लू मनाली में हल्के बादल छाए हैं. चौंकाने वाली बात है कि प्रदेश के अन्य इलाकों में तेज चटक धूप खिली है.

जानकारी के अनुसार, शिमला, मंडी कांगड़ा सहित प्रदेश के अन्य जिलों में धूप खिली है. हालांकि, बीती रात को बादल छाए थे. लेकिन सुबह मौसम साफ हो गया. मनाली के रोहतांग में हल्की बर्फबारी से चोटियां सफेद हो गई.

मौसम विभाग ने बताया कि 14 दिसंबर को प्रदेश में बारिश औऱ बर्फबारी हो सकती है. फिर बाद में अगले एक सत्पाह तक मौसम साफ रहेगा. शिमला केंद्र ने अपने बुलेटिन में कहा कि अगले 24 घंटे में तापमान में 2 से 3 डिग्री गिरावट दर्ज की जाएगी. विभाग ने बताया कि 8 और 9 दिंसबर को प्रदेश के कई इलाकों में धुंध पड़ने का येलो अलर्ट जारी किया गया है.

शिमला से ठंडे प्रदेश के अन्य इलाके

हिमाचल में शिमला से ठंडे प्रदेश के अन्य इलाके हैं.शिमला में न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री दर्ज किया गया है.  उधर, मंडी के सुंदरनगर  में 5.7 डिग्री, कुल्लू के भुंतर में 6.5, कल्पा 2.6, धर्मशाला 6.8, ऊना 5.4, नाहन 9.8, पालमपुर 7.0, सोलन 3.7, मनाली 6.7, कांगड़ा 7.0, मंडी 7.1, बिलासपुर 7.7, हमीरपुर 5.7, कुफरी 6.4, कुकुमसेरी -6.2, नारकंडा 3.7, रिकांगपिओ 3.5, पांवटा साहिब 9.0, सराहन 4.1 और ताबो -1.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है.

शिमला में सोमवार को खिली धूप.

लेह मनाली हाईवे बंद

उधर, बर्फबारी और लगातार ब्लैक आइस जमने की वजह से अब लेह मनाली हाईवे को बंद कर दिया गया है. इससे पहले, 20 नवंबर को इस हाईवे को बंद करने के आदेश दिए गए थे. लेकिन बाद में 10 दिन के लिए इसे खोला गया था, क्योंकि मौ सम साफ था. अब केवल केलांग के आगे दारचा तक ही वाहन चालक जा सकेंगे. अब यह हाईवे छह महीने बाद गर्मियों में जून महीने में 2026 में खुलेगा. (सचिन शर्मा के इनपुट के साथ)



Source link

Scroll to Top