भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ऑलराउंडर पूजा वस्त्रकार को RCB ने 85 लाख में अपनी टीम में शामिल किया है। वह पिछले डेढ़ साल से कंधे की चोट के कारण मैदान से दूर हैं। 2024 के टी20 वर्ल्ड कप के बाद लगी इस चोट के कारण उन्हें लंबे समय तक इलाज और पुनर्वास (रिहै
.
इसी वजह से वह अपने आधिकारिक अनुबंधों और फ्रेंचाइजी गतिविधियों में हिस्सा नहीं ले पाईं, जिसके चलते उन्हें WPL 2025 से बाहर रहना पड़ा। वर्तमान में, पूजा बेंगलुरु में बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में रिहैब प्रक्रिया से गुजर रही हैं।
उन्होंने अपनी फिटनेस पर लगातार काम किया है, ताकि जल्द मैदान पर वापसी कर सकें। उनका नाम 2026 की WPL मेगा-नीलामी की सूची में फिर से शामिल किया गया है। मध्य प्रदेश के शहडोल की रहने वाली पूजा वस्त्रकार आज भारतीय महिला क्रिकेट टीम की एक भरोसेमंद ऑलराउंडर के रूप में स्थापित हो चुकी हैं।

अपनी तेज गेंदबाजी और निचले क्रम की प्रभावी बल्लेबाजी के दम पर उन्होंने न केवल टीम इंडिया में अपनी जगह पक्की की है, बल्कि यह भी साबित किया है कि छोटे शहर भी बड़े खिलाड़ियों को जन्म दे सकते हैं। 25 सितंबर 1999 को जन्मी पूजा अपने सात भाई-बहनों में सबसे छोटी हैं। उनका क्रिकेट करियर शहडोल की गलियों से ही शुरू हुआ, जहां वे लड़कों के साथ क्रिकेट खेला करती थीं।
परिवार की आर्थिक स्थिति सामान्य होने के बावजूद, स्थानीय कोच आशुतोष श्रीवास्तव ने उनके खेल को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। घरेलू स्तर पर मध्य प्रदेश के लिए शानदार प्रदर्शन के बाद, पूजा ने वर्ष 2018 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत के लिए वनडे और टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया। उन्होंने तीनों प्रारूपों—टेस्ट, वनडे और टी-20—में देश का प्रतिनिधित्व किया है।
उनके अंतरराष्ट्रीय करियर के आंकड़े प्रभावशाली हैं
33 वनडे में 585 रन और 27 विकेट, 72 टी20 अंतरराष्ट्रीय में 58 विकेट और 5 टेस्ट में 15 विकेट। टी-20 में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/13 और वनडे में 4/34 रहा है। निचले क्रम में बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण पारियां खेली हैं, जिसमें अपनी दूसरी ही वनडे पारी में नौवें नंबर पर बनाए गए 51 रन शामिल हैं, जिसने उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई।
पूजा की मेहनत का बड़ा पुरस्कार उन्हें महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2023 की नीलामी में मिला, जब मुंबई इंडियंस ने 1.90 करोड़ रुपए में उन्हें खरीदा। यह किसी भी मध्यप्रदेश की महिला खिलाड़ी के लिए बड़ी उपलब्धि थी। एशियन गेम्स 2023 में बांग्लादेश के खिलाफ पूजा का प्रदर्शन बेहद प्रभावशाली रहा, जहाँ उन्होंने अपने शुरुआती ओवरों में ही 4 विकेट झटकर भारत को सीधे फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।



