पश्चिम बंगाल से एक बार फिर दिल-दहलाने वाली घटना सामने आई, जिसने सीएम ममता बनर्जी की सुरक्षा व्यवस्था पर सैकड़ों सवाल खड़े कर दिए। सवाल ये भी उठ रहे है कि ममता के राज में उनकी ही राज्य की महिलाएं कितनी सुरक्षित है? घटना की बात करें तो राज्य के दुर्गापुर स्थित निजी मेडिकल कॉलेज में एक छात्रा के साथ कुछ दरिंदों ने सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। कुछ महीने पहले आरजी कर में एक महिला डॉक्टर से साथ हुए दुष्कर्म की घटना और अब इस घटना ने फिर ममता सरकार की सुरक्षा व्यवस्था को सवालों के घेरे में लाकर रख दिया है।
बता दें कि यह घटना शुक्रवार रात दुर्गापुर के एक निजी मेडिकल कॉलेज के बाहर हुई, जब ओडिशा के बालासोर जिले की जलेसर की दूसरी साल की छात्रा अपने एक दोस्त के साथ बाहर खाना खाने गई थी। इसी दौरान आरोपियों ने उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। फिलहाल पीड़िता का इलाज पास के अस्पताल में चल रहा है।
सुरक्षा पर सवाल और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग
दुर्गापुर स्थित निजी मेडिकल कॉलेज में छात्रा के साथ हुए दुष्कर्म मामले में जहां एक ओर सवाल सुरक्षा पर खड़े हो रहे हैं। वहीं दूसरी ओर अब आरोप-प्रत्योरोप का बाजार भी बेजोड़ गर्म हो गया है। मामले में ओडिशा के सीएम मोहन चरण माझी ने दुख जताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।
ये भी पढ़ें:- West Bengal: बंगाल में ओडिशा की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म, फोन छीना, जंगल ले गए आरोपी; पीड़िता अस्पताल में
क्या बोला सीएम माझी ने?
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने शनिवार को पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में एक ओडिया छात्रा के साथ हुई सामूहिक दुष्कर्म की घटना पर चिंता जताई। साथ ही पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
मुख्यमंत्री माझी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि यह घटना अत्यंत निंदनीय और दर्दनाक है। उन्होंने ममता बनर्जी से कानून के तहत सख्त कार्रवाई करने की अपील की। उन्होंने पीड़िता के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की भी कामना की और अधिकारियों को पश्चिम बंगाल सरकार से संपर्क कर मदद करने के निर्देश दिए। इस दौरान माझी ने इस बात का भी आश्वासन दिया कि ओडिशा सरकार पीड़िता के परिवार को हर संभव सहायता प्रदान करेगी।


