भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और सांसद संबित पात्रा ने शुक्रवार को कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए पार्टी के संचार प्रमुख जयराम रमेश को सूचना युद्ध में पाकिस्तान की मदद करने का आरोप लगाया। पात्रा ने रमेश के रूस-पाकिस्तान रक्षा सौदे से जुड़े पोस्ट को भारत की अंतरराष्ट्रीय छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास करार दिया।
पात्रा ने कहा कि 4 अक्तूबर को जयराम रमेश ने सोशल मीडिया पोस्ट में यह दावा किया कि रूस और पाकिस्तान ने चीन निर्मित जेएफ-17 लड़ाकू विमानों के लिए आरडी-93एमए इंजन की आपूर्ति पर सहमति जताई है। भाजपा नेता ने इसे भ्रामक और आधारहीन बताया और कहा, रूस ने स्पष्ट कर दिया है कि पाकिस्तान के साथ कोई समझौता नहीं हुआ है। कांग्रेस के इस दावे का कोई आधार नहीं है।
उन्होंने कहा, इससे पहले भी किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन या जी-20 के मौके पर कांग्रेस ऐसी बातें करती रही है, जो भारत की छवि को प्रभावित करती हैं। पात्रा ने कहा, जयराम रमेश कांग्रेस के संचार प्रमुख हैं। यह पोस्ट निश्चित रूप से उन्होंने राहुल गांधी की अनुमति के बाद किया होगा। जब राहुल गांधी विदेश जाते हैं और लौटकर आते हैं, तो इस तरह के संदेश पोस्ट होते हैं और पूरी व्यवस्था सक्रिय हो जाती है। सूचना युद्ध में निश्चय ही यह पाकिस्तान की मदद करना हुआ।
‘कांग्रेस भ्रामक सूचना फैलाती है’
इससे पहले जयराम रमेश ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा था कि मोदी सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि रूस ने पाकिस्तान को उन्नत आरडी-93एमए इंजन की आपूर्ति देने की इच्छा क्यों जताई, जबकि रूस तो भारत का लंबे समय से अच्छा मित्र रहा है। पात्रा ने इस दावे को खारिज करते हुए कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की छवि को प्रभावित करने के लिए भ्रामक सूचना फैलाती रहती है।


