बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले राजद को बड़ा झटका लगा है। कैमूर जिले की भभुआ सीट से राजद विधायक भरत बिंद ने विधानसभा सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। जानकारी के अनुसार, भरत बिंद अब भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ सकते हैं। उन्होंने मार्च 2024 में राजद छोड़कर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी।
भरत बिंद ने फोन पर बताया कि उन्होंने अपने इस्तीफे की पुष्टि कर दी है। उन्होंने कहा कि मैंने हमेशा विकास की राजनीति की है। भभुआ की जनता ने मुझे बहुत प्यार दिया। अब उनके विश्वास को और मजबूत करने के लिए मैं नया रास्ता चुन रहा हूं।
पढे़ं: ‘न पद की चाह, न सीट की नाराजगी’, चिराग बोले- चर्चा अच्छी चल रही है…सही समय पर होगा फैसला
भरत बिंद ने 2020 के विधानसभा चुनाव में राजद के टिकट पर भभुआ सीट से जीत हासिल की थी। वह कैमूर जिले के चांद थाना क्षेत्र के सिलौटा गांव के रहने वाले हैं और 2010 से अपना राजनीतिक करियर शुरू कर चुके हैं।
भाजपा में शामिल होने के बाद उन्होंने कहा कि आज हमने विधानसभा सदस्यता से इस्तीफा दे दिया और इस विधानसभा चुनाव में भभुआ सीट से भाजपा के उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ेंगे। हालांकि टिकट अभी कंफर्म नहीं हुआ है, लेकिन मुझे विश्वास है कि जल्द ही यह कंफर्म हो जाएगा। भरत बिंद के इस कदम से राजद को बड़ा झटका लगा है। अब यह देखना बाकी है कि भभुआ सीट पर भाजपा की ओर से उनकी उम्मीदवारी कितनी मजबूत साबित होती है।


