साइबर ठग ने खुद को अमेरिका में एमबीबीएस डॉक्टर बताकर कटघर क्षेत्र की शिक्षिका से संपर्क कर लिया। आरोपी ने शिक्षिका से शादी करने का झांसा अपनी जाल फंसा लिया। फिर कस्टम अधिकारी बनकर गोल्ड, डायमंड और अमेरिकन करेंसी के नाम पर शिक्षिका से 64.78 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए।
पीड़िता ने साइबर थाने में केस दर्ज कराया है। पीड़िता ने दर्ज कराए केस में बताया कि वह सरकारी शिक्षिका हैं। 25 जुलाई को उन्होंने शादी डॉट कॉम पर अपनी प्रोफाइल बनाई थी। प्रोफाइल बनाने के कुछ देर बाद ही एक अंजान नंबर से शिक्षिका को व्हाट्सएप मैसेज आया।
मैसेज करने वाले ने अपना नाम आरव सिंह बताया। उसने आगे लिखा है कि उसका जन्म भारत में हुआ है लेकिन वह अमेरिका में रहता है। उसने खुद को जनरल सर्जन एमबीबीएस बताया। आरोपी ने कहा कि वह 15 साल से अमेरिका के अस्पताल में ही नौकरी कर रहा है।
इसके बाद आरोपी ने पीड़िता को कॉल की और बातचीत शुरू कर दी। आरोपी ने पीड़िता से कहा कि वह शादी कर भारत में ही सेटल होना चाहता है। आरोपी ने दो दिन बाद शिक्षिका को मैसेज किया और बताया कि वह उसके लिए अमेरिका से एक पार्सल भेज रहा है।
इसके बाद दूसरे नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई। कॉल करने वाले ने बताया कि कस्टम दिल्ली से कस्टम अधिकारी बोल रहा है। उसने शिक्षिका से कहा कि आरव सिंह के नाम से आपका पार्सल आया है जिसमें गोल्ड, डायमंड रिंग और अमेरिकन करेंसी है।
पार्सल प्राप्त करने के लिए 30 हजार रुपये का भुगतान करना होगा। शिक्षिका को पहले से जानकारी थी कि उसके पास पार्सल आने वाला है। इसलिए उसने आरोपी की बात सच जान ली और आरोपी के बताए खाते में 30 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद आरोपी ने फिर से रुपयों की मांग की।
शिक्षिका ने रुपये देने से इन्कार किया तो आरोपी धमकाने लगा कि रुपये नहीं भेजे तो मनी लॉड्रिग का केस दर्ज कर जेल भेज दूंगा। पीड़िता इतनी डर गई कि उसने आरोपियों के बताए तीन अलग-अलग बैंक खातों से 31 जुलाई से 18 अगस्त के बीच 64.78 लाख रुपये ट्रांसफर करा दिए।
इसके बाद भी आरोपी रुपयों की डिमांड करते रहे। पीड़िता के खाते में ही रकम खत्म हो गई थी और उसने अपने परिवार से चर्चा की। इसके बाद पता चला कि वह साइबर ठगी का शिकार हो गई है।


