कानपुर में महाराजपुर थाना क्षेत्र के बंबुरिहा गांव में सोमवार की सुबह संदिग्ध हालात में महिला का शव चारपाई पर और उसके पति का शव फंदे से लटका मिला। आरोप है कि महिला तीन माह से अनजान कॉल पर किसी शख्स से बात करती थी। इसे लेकर दंपती में कलह होती थी। पुलिस और फॉरेंसिक ने साक्ष्य जुटाए हैं। शवों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फंदे से मौत की पुष्टि के चलते पुलिस को दोनों के खुदकुशी करने की आशंका है।
गांव निवासी रामबाबू ने बताया कि मजदूरी करने वाले उसके बड़े भाई श्रीबाबू (35) ने पहली पत्नी के छोड़कर चले जाने के बाद वर्ष 2018 में अपने से पांच साल बड़ी शांति देवी (40) से दूसरी शादी की थी। श्रीबाबू के पहले से दो बेटियां चंदन और लली थीं। शांति की भी यह दूसरी शादी थी। शादी के बाद शांति से तीन बच्चे सात वर्षीय नित्या, पांच वर्षीय अंकुश और तीन वर्षीय अर्पित हैं।

2 of 6
मृतक श्री बाबू और शांति के तीनों बच्चे
– फोटो : amar ujala
अनजान शख्स से फोन पर बात करती थीं महिला
रामबाबू ने पुलिस को बताया कि शांति तीन माह से अनजान फोन कॉल पर किसी युवक से बात करने लगी थी। इसे लेकर दोनों में आए दिन विवाद होता था। छोटी बेटी 13 वर्षीय लली ने पुलिस को बताया कि रविवार रात मम्मी-पापा का झगड़ा हो रहा था। बाद में सभी बच्चे दूसरे कमरे में सोने चले गए। सोमवार सुबह उठे तो पापा का शव घर के बाहर छत की धन्नी से लटका हुआ और मम्मी का शव पास में चारपाई पर पड़ा मिला।

3 of 6
रोती बिलखती श्री बाबू की बहन
– फोटो : amar ujala
दोनों की मौत का कारण हैंगिंग
गांव में चर्चा रही कि पति ने कलह से ऊबकर पहले पत्नी की गला दबाकर हत्या की इसके बाद खुद खुदकुशी कर ली। वहीं, पुलिस को आशंका है कि महिला के फंदा लगाकर खुदकुशी करने के बाद उसके पति ने शव फंदे से उतार कर चारपाई पर रख दिया। इसके बाद खुद भी उसी फंदे से लटकर खुदकुशी कर ली। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी दोनों की मौत का कारण हैंगिंग ही आया।

4 of 6
घर के बाहर विलाप करती श्री बाबू की मां तथा अन्य परिजन
– फोटो : amar ujala
तीन बच्चों को छोड़कर शांति ने की थी कोर्ट मैरिज
एसीपी चकेरी अभिषेक कुमार पांडेय महाराजपुर थाना फोर्स और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घर के भीतर से लेकर बाहर तक साक्ष्य जुटाए हैं। बता दें कि शांति देवी की पहली शादी फतेहपुर के खजुहा बरेठर गांव में हुई थी। उससे भी शांति के तीन बच्चे थे। बाद में तीनों बच्चों और पति को छोड़कर शांति ने श्रीबाबू से कोर्ट मैरिज की थी।

5 of 6
घटना के बाद लगी ग्रामीणों की भीड़
– फोटो : amar ujala
चीखपुकार के बीच फिर आई अनजान कॉल
घटना के बाद घर के बाहर ग्रामीणों की भीड़ लगी थी। एक साथ दो मौतों से परिवार में चीखपुकार मची हुई थी। इस बीच शांति के मोबाइल फोन पर फिर से उसी अनजान शख्स का कॉल आया। बेटी लली ने फोन रिसीव किया, तो शख्स ने शांति से बात कराने के लिए कहा। लली ने उसे बिना कुछ बताए मां से शादी करने के लिए पूछा, तो बोला कि अगर शांति कह दे तो वह तैयार है फिर चाहे उसका नंबर सर्विलांस पर लगवा दो। पुलिस नंबर की डिटेल खंगाल रही है।


