Himachal Weather: हिमाचल में पांच एनएच समेत 1359 सड़कें बंद | Latest Update


हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट के बीच बुधवार को भारी बारिश और भूस्खलन से छह लोगों की जान चली गई। शिमला जिले के बिथल में काली मिट्टी के पास चलती बस पर पहाड़ी से चट्टान गिरने से दो महिलाओं की मौत हो गई। जबकि 11 लोग घायल हैं। उधर, मंडी जिले के सुंदरनगर में भूस्खलन की चपेट में आए दो मकानों के मलबे के बीच चार और शव बरामद हुए हैं। तीन शव मंगलवार को मिले थे। एक व्यक्ति अभी भी लापता है.

कुल्लू के इनर अखाड़ा बाजार में भूस्खलन की चपेट में आए एक मकान में एनडीआरएफ जवान समेत दो लोग दब गए हैं। किन्नौर के वांगतू में मंगलवार देर रात पहाड़ी से गिरी चट्टानों की चपेट में आने से सड़क किनारे बने शेडों में ठहरे पांच मजदूर और चालक घायल हो गए। वहीं, ट्रकों समेत टैंकरों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। बुधवार शाम तक प्रदेश में आनी-कुल्लू, मंडी-कुल्लू, रामपुर-किन्नौर, एनएच 505, मुबारिकपुर-धर्मशाला एनएच समेत 1359 सड़कें, 3207 बिजली ट्रांसफार्मर और 1062 पेयजल योजनाएं ठप रहीं.

शिमला जिले के कुमारसैन उपमंडल के बिथल में काली मिट्टी के पास बुधवार दोपहर करीब डेढ़ बजे चलती निजी बस पर पहाड़ी से भारी भरकम चट्टान आ गिरी। एनएच 5 पर हुए हादसे में बस में सवार दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 सवारियां घायल हो गई। बस रामपुर से शिमला आ रही थी। मृतकों में लक्ष्मी विरानी निवासी जलगांव (महाराष्ट्र) और नेपाल मूल की एक महिला शामिल हैं। 11 घायलों को उपचार के लिए रामपुर के खनेरी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

उधर, मंडी के सुंदरनगर उपमंडल के जंगमबाग में मंगलवार शाम भूस्खलन की चपेट में आए दो मकानों के मलबे के बीच से बुधवार को चार और शव बरामद हुए हैं। हादसे में अब तक एक ही परिवार के चार सदस्यों सहित कुल सात लोगों की मौत हो चुकी है। तीन शव मंगलवार को मिले गए थे। प्रशासन और एनडीआरएफ की टीमों ने करीब 14 घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद शव ढूंढ निकाले हैं। जोगिंद्रनगर के नेरघरवासड़ा पंचायत में बुधवार तड़के पहाड़ी दरकने से 10 घर ध्वस्त हो गए। इससे करीब 22 परिवार बेघर हो गए। 40 रिहायशी मकान खतरे की जद में आ गए हैं। प्रशासन ने कुल 77 प्रभावितों को राहत शिविर में शिफ्ट कर दिया है।



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top