Delhi Ncr Rain Live Updates Imd Issues Red Alert For Delhi Noida Waterlogging Traffic Advisory Details In Hind – Amar Ujala Hindi News Live


08:38 PM, 03-Sep-2025

नोएडा में एक घंटे की तेज बारिश में प्राधिकरण की चौखट तक भरा पानी

शहर में बुधवार दोपहर हुई एक घंटे की तेज बारिश से कई सेक्टर में जलभराव हुआ। जलनिकासी बेहतर होने के दावे करने वाले नोएडा प्राधिकरण दफ्तर सेक्टर-6 के चारों तरफ सड़कें-फुटपाथ डूब गए। यही नहीं प्राधिकरण के अंदर का भी पानी नहीं निकल पाया जिसके चलते लोग एक दफ्तर से दूसरे दफ्तर जूते भिगोकर या उतार कर हाथ में लेकर पहुंचे। कुछ सामान लेकर पहुंचे ई-रिक्शे का भी सहारा लोगों ने प्राधिकरण दफ्तर के अंदर जलभराव से बचने के लिए किया। इसी तरह फेज-1 औद्योगिक क्षेत्र में कई सेक्टर की सड़कें देर तक जलमग्न रहीं। 

08:36 PM, 03-Sep-2025

अगर यह आशंका हुई सच तो 2023 जैसी आ सकती है बाढ़

केंद्रीय जल आयोग ने सूचना जारी की है कि दिल्ली में पानी और बढ़ सकता है। इससे आशंका है कि दिल्ली में यमुना का जलस्तर 208 मीटर तक पहुंच सकता है। यदि ऐसा होता है तो 2023 की बाढ़ की तरह आउटर रिंग रोड और कश्मीरी गेट आईएसबीटी तक पानी पहुंचने के आसार हैं। इससे दिल्ली में न केवल आवागमन बाधित हो सकता है बल्कि बड़े पैमाने पर जनजीवन प्रभावित होने का खतरा भी है।

08:14 PM, 03-Sep-2025

दिल्ली में युमना के पानी के जल्द उतरने के नहीं दिख रहे आसार

यमुना के पानी से दिल्ली डूब रही है और बाढ़ के कारण हजारों लोग बेघर हुए हैं। अब शहर के भीतरी हिस्से में पानी भरने का खतरा बढ़ गया है। हथिनीकुंड बैराज से बुधवार को देर शाम तक छोड़े जा रहे लगातार भारी मात्रा में पानी को दिल्ली आते देखकर ये साफ है कि पानी इतना जल्दी दिल्ली से नहीं उतरेगा। 

07:20 PM, 03-Sep-2025

फरीदाबाद में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगे मंत्री राजेश नागर

मंत्री राजेश नागर अपने तिगांव विधानसभा क्षेत्र में बाढ़ के हालातों का जायजा लेने के लिए अधिकारियों के बृहस्पतिवार को दौरा करेंगे। उन्होंने बताया कि शासन के निर्देश पर प्रशासन प्रभावित लोगों के लिए व्यवस्था कर रहा है। मौके पर मुआयना करने के लिए स्वयं मंत्री राजेश नागर दौरा करेंगे। 

06:35 PM, 03-Sep-2025

बारिश के चलते गाजियाबाद-गौतमबुद्धनगर में आज बंद रहे स्कूल

गाजियाबाद और गौतमबुद्धनगर में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया। जिलों के सभी स्कूल 3 सितंबर 2025 को बंद रहे।

06:34 PM, 03-Sep-2025

दिल्ली के यमुना बाजार के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया

यमुना नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी के कारण यमुना बाजार में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया जा रहा है। एनडीआरएफ कमांडेंट ज्ञानेश्वर सिंह ने कहा कि निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया है। हमारी टीमें कल रात से ही यहां तैनात हैं। 14-18 टीमें स्टैंडबाय पर हैं। जबकि चार टीमें अलग-अलग जगह पर तैनात हैं।

06:19 PM, 03-Sep-2025

हापुड़ में बाढ़ ग्रस्त क्षेत्र का सेना के जवानों ने किया निरीक्षण

पहाड़ों पर हो रही बारिश से एक बार फिर से हापुड़ के खादर क्षेत्र के गांवों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। हालात पर काबू पाने के लिए बुधवार को मेरठ कैंट से आए सेना के अधिकारियों ने बाढ़ ग्रस्त गांवों का निरीक्षण किया। एसडीएम की मौजूदगी में ग्रामीणों को बाढ़ राहत सामग्री का वितरण किया गया। इस दौरान सेना के अधिकारियों ने आश्चासन दिया है कि किसी भी विषम परिस्थितियों में सेना ग्रामीणों के सहयोग के लिए तैयार रहेगी।

06:10 PM, 03-Sep-2025

हथिनीकुंड बैराज से पानी छोड़े जाने के बाद गाजियाबाद में हिंडन नदी का जलस्तर बढ़ा

हथिनीकुंड बैराज से पानी छोड़े जाने के बाद हिंडन नदी का जलस्तर बढ़ गया है। प्रशासन का कहना है कि अभी तक स्थिति नियंत्रण में है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। हिंडन नदी का जलस्तर बढ़ने से आसपास के गांव विहिग, सुराना, नेक, भदौली सुठारी के लोगों में दहशत बनी है l

05:52 PM, 03-Sep-2025

मंगेशपुर नाले का तटबंध टूटा, कई इलाकों में 5 फीट तक भरा पानी

बुधवार शाम को बहादुरगढ़, हरियाणा में मंगेशपुर नाले का 50 फीट ऊंचा तटबंध टूट गया, जिससे दिल्ली के बाबा हरिदास नगर, झाड़ौदा कलां, थाना गीतांजलि एन्क्लेव के सीमावर्ती निचले इलाके में लगभग पांच फीट पानी भर गया। रात भर चले अभियान में, लोगों को सुरक्षित रूप से (बिना किसी जान-माल के) बाहर निकाला गया और झाड़ौदा कलां के सरकारी स्कूलों में ठहराया गया।एनडीआरएफ, आपदा प्रबंधन दल आदि जैसी एजेंसियों के समन्वय से आगे की निकासी जारी है।

संबंधित वीडियो-

05:30 PM, 03-Sep-2025

Delhi NCR Rain Live: डूब रही दिल्ली… हजारों लोग हुए बेघर, अगर ये आशंका सच हुई तो 2023 जैसा आएगा ‘सैलाब’

निगम बोध घाट और ओल्ड उस्मानपुर में घुसा यमुना का पानी, वासुदेव घाट डूबा

देश की राजधानी दिल्ली में भारी बारिश के कारण यमुना नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ता जा रहा है, कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। निचले इलाकों में यमुना का पानी घुस गया है। दिल्ली का यमुना बाजार, निगम बोध घाट, ओल्ड उस्मानपुर गांव, आईएसबीटी का वासुदेव घाट पानी में डूब गया है। मोनेस्ट्री मार्केट में भी यमुना का पानी घुस गया है।



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top