पाकिस्तान ने पावरप्ले में बनाया दबाव
पारी की पहली ही गेंद पर साहिबजादा फरहान को हार्दिक पांड्या की गेंद हाथ पर लगी, लेकिन वे बच गए। इसके तुरंत बाद अभिषेक शर्मा ने उनका आसान कैच छोड़ दिया। फरहान उस वक्त खाता भी नहीं खोल पाए थे। 16 रन पर कुलदीप यादव ने भी उनका कैच टपकाया। इन गलतियों का नतीजा ये रहा कि पाकिस्तान ने पावरप्ले में 55 रन बना दिए, जो भारत के खिलाफ अब तक का उनका सबसे बड़ा पावरप्ले स्कोर है।
फरहान-अयूब की साझेदारी बनी मुसीबत
फखर जमां (15) जल्दी आउट हो गए, लेकिन फरहान और सैम अयूब ने दूसरे विकेट के लिए 72 रन जोड़े। दोनों ने मिलकर भारतीय गेंदबाजों को निशाने पर लिया और 10 ओवर में पाकिस्तान का स्कोर 91/1 पहुंचा दिया। यहां भारत की लचर फील्डिंग ने पाकिस्तान को मजबूत मंच दिया।
दुबे ने कसी लगाम
ड्रिंक्स ब्रेक के बाद भारतीय गेंदबाजों ने थोड़ी वापसी की। दरअसल, गौतम गंभीर ब्रेक के दौरान मैदान पर आए और उन्होंने भारतीय खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। इसका असर देखने को मिला। शिवम दुबे ने अयूब (21) और फरहान (58) को आउट कर बड़ी सफलता दिलाई। हार्दिक पांड्या और कुलदीप यादव ने भी एक-एक विकेट झटका। पाकिस्तान के मिडल ऑर्डर को खुलकर खेलने का मौका नहीं मिला और रनगति थोड़ी धीमी हुई।
आखिरी ओवरों में नवाज-आगा का योगदान
पाकिस्तान की पारी के अंतिम ओवरों में भारतीय गेंदबाजों ने दबाव बनाए रखा और विपक्षी टीम को बड़ा स्कोर करने से रोक दिया। 18वें ओवर तक पाकिस्तान का स्कोर 146/4 था, लेकिन नवाज और कप्तान सलमान आगा ने मिलकर पारी को आगे बढ़ाया। 19वें ओवर में रोमांचक मोड़ आया जब मोहम्मद नवाज (21) रन आउट हो गए। सलमान ने एक रन लेने की कोशिश की, लेकिन सूर्यकुमार यादव की शानदार थ्रो ने नवाज की पारी का अंत कर दिया। आखिरी ओवर में पाकिस्तानी बल्लेबाज खुलकर रन नहीं बना पाए और भारत ने कसी हुई गेंदबाजी से उन्हें रोक लिया। नतीजा यह रहा कि पाकिस्तान की टीम 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 171 रन तक ही पहुंच सकी।






