अमेरिका का भारतीय सामानों पर 50 फीसदी टैरिफ थोपना महज व्यापार घाटा या रूस से सस्ता तेल खरीदने से जुड़ा मसला नहीं है। दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पाकिस्तान के साथ संघर्षविराम कराने के झूठ और वर्षों से पल रहे उनके नोबेल शांति पुरस्कार के सपने का समर्थन करने से साफ इन्कार कर दिया। पीएम मोदी के इस कदम से नाराज होकर ही ट्रंप ने भारत पर भारी भरकम टैरिफ लगाया। वाशिंगटन और नई दिल्ली के 12 से अधिक वरिष्ठ अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की है।

2 of 8
डोनाल्ड ट्रंप, पीएम मोदी
– फोटो : Amar Ujala
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप और पीएम मोदी के बीच संबंध कनाडा में हुए जी-7 शिखर सम्मेलन के इतर 17 जून को 35 मिनट तक टेलीफोन पर हुई बातचीत के बाद बिगड़े। ट्रंप नोबेल शांति पुरस्कार पाने के लिए बार-बार भारत और पाकिस्तान के बीच मई में चार दिनों तक चले संघर्ष को रुकवाने का श्रेय ले रहे थे। उनका कहना है कि उन्होंने 75 साल से भी ज्यादा पुराने भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष का समाधान करा दिया। 17 जून की टेलीफोन पर वार्ता के दौरान ट्रंप ने पीएम मोदी से कहा कि पाकिस्तान उन्हें नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नामित करने जा रहा है और उन्हें भारत-पाकिस्तान के बीच सैन्य तनाव खत्म करवाने पर गर्व है। ट्रंप ने पीएम से कहा कि भारत को भी उन्हें नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नामित करना चाहिए। हालांकि पीएम मोदी ने ऐसा करने से साफ इन्कार कर दिया।

3 of 8
पीएम मोदी और ट्रंप
– फोटो : एएनआई
इतना ही नहीं, पीएम ने उनसे दो-टूक कहा, हालिया संघर्ष को रुकवाने में भी अमेरिका या उनकी कोई भूमिका नहीं है। यह संघर्ष विराम पाकिस्तान के गुहार लगाने पर हुआ। पीएम मोदी का नोबल पुरस्कार के लिए नामित करने से इन्कार करना ट्रंप को काफी नागवार गुजरा। इसके बाद से ही दोनों नेताओं के बीच संबंधों में खटास आ गई जबकि इससे पहले दोनों नेताओं के बीच काफी घनिष्ठ संबंध थे। दोनों नेताओं के बीच 17 जून के बाद कोई बातचीत नहीं हुई। कई रिपोर्ट में दावा किया गया कि ट्रंप ने चार बार पीएम मोदी को फोन लगाया लेकिन इसका कोई जवाब नहीं दिया गया।

4 of 8
पीएम नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप
– फोटो : PTI
क्वाड सम्मेलन में शिरकत पर भी असमंजस
अधिकारियों ने कहा, टेलीफोन पर अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने मोदी से कहा था कि वह इस साल के अंत में क्वाड शिखर सम्मेलन के लिए भारत की यात्रा करेंगे, लेकिन अब ट्रंप के क्वाड शिखर सम्मेलन के लिए भारत आने की कोई योजना नहीं है।

5 of 8
ट्रंप के साथ पीएम मोदी
– फोटो : एक्स/NARENDRA MODI
मोदी और मुनीर का हाथ मिलवाने की थी योजना
ट्रंप ने टेलीफोन पर बातचीत के दौरान मोदी को व्हाइट हाउस आने का निमंत्रण दिया था। इसी दिन पाकिस्तानी सेना प्रमुख असीम मुनीर भी व्हाइट हाउस में डिनर के लिए आमंत्रित थे। ट्रंप चाहते थे कि व्हाइट हाउस में मोदी और पाकिस्तानी सेना प्रमुख असीम मुनीर के हाथ मिलाने का कार्यक्रम रखा जाए और अंतरराष्ट्रीय मीडिया में इसे अमेरिका की जीत की तरह प्रचारित किया जाए, लेकिन पीएम मोदी के व्हाइट हाउस आने में असमर्थता जताने से ट्रंप की योजना परवान नहीं चढ़ सकी।


