नवनूर ने सपने में भी नहीं सोचा था कि अपने जन्मदिन के दिन वह पिता को मुखाग्नि देगा। रोते हुए वह बार-बार यही कह रहा था कि डैडा एक बार उठ जाओ। उसके आंसू देखकर उप सचिव नवजोत सिंह के अंतिम संस्कार में आए लोगों की भी आंखें नम हो गईं। नवनूर का मंगलवार को जन्मदिन था। इसे लेकर चार दिन पहले पूरा परिवार जश्न मनाने की तैयारी कर रहा था लेकिन रविवार रात एक महिला ने बीएमडब्लू कार से नवजोत सिंह के साथ उनके बेटे के सपनों को भी रौंद दिया।

2 of 5
वित्त मंत्रालय में तैनात उप सचिव नवजोत सिंह का फाइल फोटो
– फोटो : अमर उजाला
मंगलवार सुबह डीडीयू अस्पताल में नवजोत के शव का पोस्टमार्टम किया गया। मोर्चरी के बाहर बड़ी संख्या में परिजन और मित्र मौजूद रहे। यहां नवजोत के मित्रों ने बताया कि वह यारों का यार था। एक मित्र ने बताया कि इसका अंदाजा आप इस बात से लगा सकते हैं कि वह अगर हमारे घर गया और उसने देखा कि घर की ट्यूबलाइट खराब है तो अगले दिन कोरियर से ट्यूबलाइट भेज देता था। बाद में पता चलता था कि यह नवजोत ने भेजा है।

3 of 5
मृतक नवजोत सिंह और उनकी पत्नी संदीप कौर का फाइल फोटो
– फोटो : अमर उजाला
उनके मित्र ऋषभ ने बताया कि नवजोत की खासियत थी कि वह हर किसी के जन्मदिन पर सरप्राइज गिफ्ट देता था। उन्होंने कहा कि मंगलवार सुबह नवनूर ने फोन कर बताया कि अंकल डैडा का गिफ्ट आया है। डैडा ने सरप्राइज गिफ्ट के तौर पर मेरे लिए दो पार्सल बुक किए थे। सुबह-सुबह ही इसकी डिलिवरी हुई है। अब इसका क्या करें, यह कहते वह फोन पर ही रोने लगा। बाद में पता चला कि पिता को नवनूर के कुकिंग के शौक के बारे में पता चला था। इसे देखते हुए उन्होंने बेटे के लिए एयर फ्रायर बुक किया था। इसके अलावा एक शर्ट भी थी। यह सुनकर कोई भी अपने आप को संभाल नहीं पाया और उनकी आंखों से आंसू निकल गए।

4 of 5
पत्नी ने किए पति के अंतिम दर्शन
– फोटो : अमर उजाला
अस्पताल में पत्नी ने किया पति का अंतिम दर्शन
हादसे में नवजोत की पत्नी संदीप कौर भी गंभीर रूप से घायल हुई थीं। उनके हाथ-पैर टूट गए हैं। सोमवार को उनका ऑपरेशन किया गया है। उनका द्वारका स्थित वेंकटेश्वर अस्पताल में इलाज चल रहा है। ऐसे में परिवार वालों ने नवजोत के शव को वेंकटेश्वर अस्पताल ले जाने का फैसला किया। मंगलवार को डीडीयू अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद नवजोत के शव को एंबुलेंस के जरिये वेंकटेश्वर अस्पताल ले जाया गया। जहां उनकी पत्नी ने नवजोत का अंतिम दर्शन किया। अस्पताल में एक तरफ बेड पर लेटी नवजोत की पत्नी थी और दूसरे स्ट्रेचर पर नवजोत का शव। पति के अंतिम दर्शन के दौरान संदीप ने नवजोत के बेजान चेहरे को छूआ और उनके आंसुओं से नवजोत का चेहरा भीग गया। इस दौरान वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गई। यहां से शव प्रताप नगर स्थित आवास फिर अंतिम संस्कार के लिए बेरीवाला बाग स्थित श्मशान भूमि ले जाया गया।

5 of 5
वित्त मंत्रालय के अधिकारी नवजोत की अंतिम यात्रा
– फोटो : अमर उजाला
कई देशों के दूतावास के प्रतिनिधि श्मशान भूमि में रहे मौजूद
श्मसान भूमि में नवजोत के परिवार, मित्र के अलावा अंतिम संस्कार में कई देशों के दूतावास के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। इनमें जापान, दक्षिण काेरिया, चीन शामिल है। तीनों ही देशों में नवजोत भारत की ओर से बाइलेटरल हेड का दायित्व निभा चुके थे।


