शहर के एयरपोर्ट रोड पर सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में कई लोगों के हताहत होने की खबर है। एक अनियंत्रित ट्रक ने कई लोगों को अपनी चपेट में ले लिया, जिसमें 4 से 5 लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है। हादसे में कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना के बाद मौके पर जमा हुई गुस्साई भीड़ ने ट्रक को आग के हवाले कर दिया।
यह भी पढ़ें…

2 of 2
लोगों ने ट्रक जला दिया
– फोटो : अमर उजाला, डिजिटल डेस्क, इंदौर
क्या है पूरा मामला?
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह भीषण हादसा एयरपोर्ट रोड स्थित शिक्षक नगर के पास हुआ। एक तेज रफ़्तार ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क पर चल रहे कई लोगों को रौंदता हुआ आगे बढ़ गया। जब तक कोई कुछ समझ पाता, तब तक कई लोग ट्रक की चपेट में आ चुके थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
आक्रोशित भीड़ ने ट्रक में लगाई आग
हादसे की भयावहता और लोगों की मौत से गुस्साई भीड़ ने अपना आपा खो दिया। आक्रोशित लोगों ने मौके पर खड़े ट्रक में आग लगा दी, जिससे ट्रक धू-धू कर जलने लगा। घटना की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
बचाव और राहत कार्य जारी
सूचना मिलते ही पुलिस और एम्बुलेंस की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुँच गईं। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। पुलिस और बचाव दल मौके पर राहत कार्य में जुटे हुए हैं। पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और मृतकों की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है। घटना के कारण इलाके में यातायात भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है।


