जम्मू संभाग के 378 से ज्यादा सरकारी स्कूलों में अभी ताले लटके रहेंगे। इनमें पढ़ने वाले करीब 4,000 बच्चों की पढ़ाई नजदीकी सामुदायिक भवन, पंचायत घर या दूसरे सुरक्षित स्कूल में करवाई जाएगी। ऐसा इसलिए क्योंकि 26 अगस्त को भारी बारिश व बाढ़ से भवनों को भारी क्षति पहुंची है।
सुरक्षा ऑडिट पूरा करने के बाद ज्यादातर निजी स्कूल 10 सितंबर से खोल दिए गए हैं लेकिन अधिकतर सरकारी स्कूल नहीं खोले जा सके हैं। अब 15 सितंबर से सरकारी स्कूलों में बच्चों को बुलाने की तैयारी है। सोमवार से 25 फीसदी स्कूलों में पढ़ाई शुरू हो जाएगी।
हेडमास्टरों के माध्यम से मुख्य शिक्षा अधिकारी (सीईओ) को भेजी गई रिपोर्ट और सोशल ऑडिट टीम की रिपोर्ट के बाद यह खुलासा हुआ है। संभाग में सर्वे अभी भी जारी है। अब तक जो रिपोर्ट आई है उसमें बताया गया है कि 378 से ज्यादा भवन गिरने के कगार पर हैं।
इनमें बच्चों को बुलाने पर नुकसान हो सकता है। ऐसे में इन स्कूलों की जगह पर नए स्कूल बनाने की प्रक्रिया पर काम होगा। फिलहाल इन स्कूलों में पढ़ाई बंद रहेगी। इस बारे में शिक्षा निदेशालय ने भी आदेश जारी किया है। इसमें स्कूलों को बंद रखने और पढ़ाई पंचायत घर, नजदीकी स्कूल या फिर सामुदायिक भवन में करवाने के लिए कहा गया है।


