IT Stock 52-Week Low: आईटी सेक्टर का शेयर Newgen Software अचानक रफ्तार पकड़ता दिखा। 16 फरवरी को स्टॉक में जोरदार खरीदारी आई और यह करीब 16% उछलकर 541 रुपए तक पहुंच गया। दिलचस्प बात यह रही कि यह तेजी ठीक तब आई, जब शेयर 458 रुपए के 52 वीक लो को छूकर लौटा था, जिससे निवेशकों का भरोसा फिर जागा।
52-Week लो लेवल से इस Stock का जोरदार बाउंस बैक, आज 16% बढ़ा, FII, म्यूचुअल फंड की भी रुचि
हालांकि ऊपरी स्तरों पर मुनाफावसूली भी देखने को मिली। इसी वजह से यह आईटी कंसल्टिंग और सॉफ्टवेयर कंपनी का शेयर आखिर में करीब 14 फीसदी की मजबूती के साथ 527 रुपए पर बंद हुआ। 52 वीक लो के आसपास आई इस खरीदारी ने निवेशकों को थोड़ी राहत जरूर दी है। आज आई इस तेज उछाल की साफ वजह सामने नहीं आई है, लेकिन पूरे आईटी सेक्टर में आई तेजी का असर इस शेयर पर भी साफ दिखा।
क्यों गिर रहे आईटी स्टॉक
इन दिनों आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को लेकर काफी चर्चा है। एआई में तेजी से हो रहे बदलावों ने आईटी कंपनियों के काम करने के तरीके पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यही कारण है कि निवेशकों का सेंटीमेंट कुछ समय से कमजोर बना हुआ था और सेक्टर में बिकवाली बढ़ी। अब खबरें आ रही हैं कि कई आईटी कंपनियां एआई पार्टनरशिप पर जोर दे रही हैं।
शेयर की चाल
हालांकि न्यूजेन सॉफ्टवेयर की तरफ से अभी तक किसी एआई पार्टनरशिप का ऐलान नहीं हुआ है, फिर भी आज शेयर में आई तेजी ने बाजार को चौंका दिया। फिलहाल यह शेयर अपने 52 वीक हाई 1377 रुपए से अब भी करीब 62 फीसदी नीचे ट्रेड कर रहा है। अगर पिछले प्रदर्शन पर नजर डालें तो एक महीने में 29 फीसदी, तीन महीने में 42 फीसदी और छह महीने में 39 फीसदी की गिरावट आ चुकी है। दिसंबर तिमाही के नतीजे आने के बाद इस टेक शेयर में दबाव और बढ़ गया था।
जेफरीज ने दी Buy रेटिंग
ब्रोकरेज हाउस जेफरीज ने तिमाही नतीजों के बाद इस शेयर को आकर्षक वैल्यूएशन पर बताया था। उन्होंने रेटिंग को अंडरपरफॉर्म से अपग्रेड करके खरीदारी की सलाह दी। हालांकि टारगेट प्राइस को 835 रुपए से घटाकर 760 रुपए प्रति शेयर कर दिया।
FII होल्डिंग बढ़ी
दिसंबर क्वार्टर के बाद इस आईटी कंपनी के शेयरहोल्डिंग पैटर्न में हल्का बदलाव दिखा है। फॉरेन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स की हिस्सेदारी 17.34 प्रतिशत रही, जो सितंबर क्वार्टर में 17.62 प्रतिशत थी, यानी मामूली कमी आई है। वहीं म्युचुअल फंड हाउस ने भरोसा बढ़ाते हुए अपनी होल्डिंग 3.88 प्रतिशत से बढ़ाकर 4.12 प्रतिशत कर दी, जो घरेलू निवेशकों की बढ़ती दिलचस्पी को दर्शाता है।
(ये एक्सपर्ट/ ब्रोकरेज के निजी सुझाव/ विचार हैं. ये इकोनॉमिक टाइम्स के विचारों को नहीं दर्शाते हैं. किसी भी फंड/ शेयर में निवेश करने से पहले अपने फाइनेंशियल एडवाइजर की राय जरूर लें.)



