थाना सादाबाद पुलिस, थाना साइबर क्राइम और एंटी थेफ्ट टीम ने 9 सितंबर की सुबह बलदेव-सादाबाद सीमा पर एक कंटेनर को पकड़ लिया। इस कंटेनर में 39 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब ले जाई जा रही थी, जिसकी कीमत 3.10 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने कंटेनर चालक को भी गिरफ्तार किया है।
सीओ अमित पाठक ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सनी पुत्र फूलसहाय निवासी ग्राम कुनैरा थाना फ्रेंड्स कॉलोनी जनपद इटावा बताया है। उसके खिलाफ कोतवाली सादाबाद में मुकदमा भी दर्ज किया गया है। सीओ ने बताया कि बरामद शराब रॉयल स्टैक हरियाणा मार्का की है। यह शराब 708 छोटी-बड़ी बोतलों में थी। तस्करी में प्रयुक्त एक कंटेनर, एक मोबाइल फोन, एक जीपीएस और 340 रुपये की नकदी भी बरामद की गई है।
सीओ के मुताबिक अभियुक्त सनी ने पूछताछ में बताया कि वह पिछले तीन-चार वर्ष से अलग-अलग गाड़ियों पर चालक के रूप में काम कर रहा है। बरामद कंटेनर पर वह पिछले दो महीने से कार्यरत है। वह खाना खाने के बहाने इधर-उधर गाड़ी को रोक लेते हैं। हरियाणा के पलवल क्षेत्र से कभी-कभी गाड़ी में शराब छिपाकर ले जाते हैं और बिहार में शराब बंदी होने के कारण अच्छा मुनाफा लेकर वहां इसे बेच देते हैं।
8 सितंबर की शाम को उसने गाड़ी को भिवाड़ी जिले से लोड कराया था। इसके बाद वह गाड़ी को पलवल ले गया। वहां उसने कंटेनर में छत के नीचे गुप्त रूप से एक जगह तैयार कराई, जिसमें शराब की पेटियां छिपाईं थीं। वह इस शराब को बिहार ले जा रहा था।


