NEET पेपर लीक विवाद को लेकर देशभर में जारी छात्र आंदोलन पर बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान लगातार अपनी राय रख रहे हैं. पहले छात्रों के शांतिपूर्ण आंदोलन की तारीफ करने के बाद अब उन्होंने एक नया पोस्ट शेयर कर स्टूडेंट्स से घर लौटने की अपील की है. साथ ही सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल खत्म करने की भी गुजारिश की है.
सलमान आंदोलन खत्म करने की अपील
सलमान खान ने अपने ताजा पोस्ट में लिखा कि छात्र देश की सबसे बड़ी प्राथमिकता हैं, चाहे शिक्षा हो या सुरक्षा. उन्होंने कहा कि अब छात्रों को ज्यादा चिंता करने की जरूरत नहीं है और न ही अपने माता-पिता को परेशान करने की. सलमान ने प्रधानमंत्री के हालिया बयान का जिक्र करते हुए भरोसा जताया कि पेपर लीक के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी. उन्होंने छात्रों से कहा- अब तो माननीय प्रधानमंत्री जी ने भी ट्वीट कर दिया है, मुझे पूरा भरोसा है कि पेपर लीक करने वालों के खिलाफ सख्त एक्शन जरूर लिया जाएगा. प्लीज अब अपने घर और अपने माता-पिता के पास लौट जाइए.
सलमान ने अपने पोस्ट में सोनम वांगचुक को भी खास संदेश दिया. उन्होंने लिखा- सोनम, अब बहुत हो गया भाई. इसे और आगे मत बढ़ाओ. अगर भविष्य में जरूरत पड़े तो उस वक्त लड़ लेना, लेकिन अभी कुछ खा लो. चाहो तो मैं अपने घर से खाना भेज देता हूं. सलमान का यह अंदाज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
हालांकि सलमान की इस अपील को छात्र कम सरकार के पक्ष में किया ज्यादा माना जा रहा है. कहा जा रहा है कि एक दिन में ही सलमान के सुर बदल गए हैं. वो आंदोलन को खत्म करने की बात कह रहे हैं.
आंदोलन को बताया था जरूरी
सलमान खान ने इससे पहले छात्र आंदोलन को ‘साहसी, शांतिपूर्ण और देश के बेहतर भविष्य के लिए जरूरी’ बताया था. उन्होंने कहा था कि पेपर लीक बेहद गंभीर मामला है और उन्हें खुशी है कि देश के छात्र बेहतर शिक्षा व्यवस्था की मांग को लेकर एकजुट हुए हैं. सलमान ने छात्रों के माता-पिता की भी तारीफ की थी, जिन्होंने इस आंदोलन में अपने बच्चों का साथ दिया.
उन्होंने यह भी कहा था कि यह आंदोलन पूरी तरह छात्रों का है और इसे राजनीतिक रंग नहीं दिया जाना चाहिए. उनके मुताबिक, इस लड़ाई का श्रेय सिर्फ छात्रों को मिलना चाहिए और सरकार भी शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए जरूरी कदम उठाएगी.
सलमान ने अपने पुराने पोस्ट में यह भी लिखा था कि भारत को ऐसा देश बनना चाहिए, जहां शिक्षा सबसे बड़ा ट्रेंड बने और दुनिया भर के छात्र पढ़ने के लिए भारत आएं.
—- समाप्त —-


