यूपी: बांदा में गर्मी ने तोड़ा 75 साल का रिकॉर्ड, तापमान 47 डिग्री पार, लखनऊ में बने कूलिंग पॉइंट्स – Heatwave Banda breaks 75 year record 47.6 degree temperature cooling points in Lucknow UP weather forecast szlbs


उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी का कहर जारी है. बांदा में सोमवार को अधिकतम तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.  मौसम विभाग के मुताबिक, यह अप्रैल महीने में बांदा का 75 साल का नया रिकॉर्ड है. साल 1951 से अब तक अप्रैल में बांदा में इतनी गर्मी कभी नहीं पड़ी थी. पहले का रिकॉर्ड 47.4 डिग्री था, जो 25 अप्रैल 2026 को और 30 अप्रैल 2022 को दर्ज किया गया था. अब 0.2 डिग्री बढ़कर नया रिकॉर्ड बन गया है. बांदा न सिर्फ उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे देश में सबसे गर्म शहरों में  शामिल है.

गर्मी से बेहाल कई शहर, पारा 40 डिग्री पार
देश के ज्यादातर हिस्सों में दिन का तापमान 40 से 46 डिग्री के बीच दर्ज किया जा रहा है. केवल पश्चिमी हिमालय क्षेत्र, पूर्वोत्तर बिहार और पूर्वोत्तर भारत में तापमान 36 डिग्री से नीचे है. बुंदेलखंड क्षेत्र में सबसे ज्यादा सताने वाली गर्मी पड़ रही है.

लखनऊ में भी पारा 40 डिग्री के ऊपर चला गया है. यूपी की राजधानी में नगर निगम ने गर्मी से राहत के लिए कुछ जगहों पर कूलिंग पॉइंट्स बनाए हैं. इन केंद्रों पर कूलर, ठंडा पानी, गुड़, बेड और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं.

उमस ने बढ़ाई परेशानी
मध्य और पूर्वी उत्तर प्रदेश में पुरवा हवा (पूर्वी हवा) चलने से दिन की तपिश में कुछ राहत मिली, लेकिन रात की उमस लोगों को बेचैन कर रही है. बाराबंकी में न्यूनतम तापमान 30.0 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 7.4 डिग्री ज्यादा है. मौसम विभाग लखनऊ के अनुसार, बुंदेलखंड में तपिश बनी हुई है, जबकि अन्य इलाकों में पुरवा हवा के कारण अधिकतम तापमान करीब 4 डिग्री तक गिर गया है.

46.9 डिग्री का टॉर्चर, ‘आग की भट्टी’ बने अकोला और बांदा, ये 10 हैं देश के सबसे गर्म शहर

मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वी उत्तर प्रदेश पर चक्रवाती हवा का प्रभाव है. इसकी ट्रफ लाइन बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है, जिससे पुरवा हवा चल रही है. देश के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में एक्टिव पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) का असर भी दिख रहा है. सोमवार को ललितपुर और झांसी में छिटपुट बारिश हुई है. IMD के मुताबिक, मंगलवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश में बादल छाए रहने और कहीं-कहीं हल्की बारिश व गरज-चमक के साथ बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है. 

मौसम विभाग के अनुसार, विक्षोभ के कारण कुछ दिनों तक राहत मिल सकती है, लेकिन उसके बाद मई में तापमान फिर बढ़ने की आशंका है. गर्मी और हीटवेव को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने सभी स्कूलों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है. स्कूलों में हीटवेव से निपटने के लिए खास इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं.

प्रचंड गर्मी और लू का कहर, बाजार जाते वक्त बरतें ये सावधानी, सरकार ने जारी किया अलर्ट
 

सरकार ने सभी जिलों को ओआरएस, ग्लूकोज समेत जरूरी उपचार किट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं. अस्पतालों में हीट स्ट्रोक के मरीजों के लिए अलग व्यवस्था करने को भी कहा गया है.

 

—- समाप्त —-





Source link

Scroll to Top