भारतीय सब जूनियर टीम ने पाकिस्तान को 7-3 से रौंदा, युवा हॉकी फाइव्स में की तूफानी शुरुआत


मस्कट: भारतीय सब-जूनियर मेंस हॉकी टीम ने एफआईएच यूथ हॉकी फाइव्स एशिया चैंपियनशिप में पाकिस्तान को 7-3 से हरा दिया. भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तानी टीम को मैच में बिल्कुल भी नहीं ठहरने दिया. पाकिस्तान के अलावा भारत ने ओमान को 10-1 से हराया था. इस तरह टीम इंडिया ने टूर्नामेंट में लगातार दो प्रभावशाली जीत दर्ज हासिल की. वहीं, भारतीय सब-जूनियर गर्ल्स टीम को एलीट पूल के मुकाबले में कड़ा संघर्ष करने के बावजूद चीन के हाथों 3-6 से हार का सामना करना पड़ा.

भारत ने पाकिस्तान पर दर्ज की 7-3 से जीत

पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में भारतीय टीम ने शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा. रोमित पाल (आठवें मिनट), करण गौतम (10वें मिनट) और कप्तान केतन कुशवाहा (10वें मिनट) के गोलों की बदौलत भारत ने हाफ टाइम तक 3-0 की मजबूत बढ़त बना ली. दूसरे हाफ में प्रह्लाद राजभर (12वें मिनट) ने बढ़त 4-0 कर दी. इसके बाद पाकिस्तान ने मुहम्मद उस्मान (12वें और 15वें मिनट) तथा कप्तान अदील (17वें मिनट) के गोलों से वापसी की कोशिश की, लेकिन भारत की ओर से शाहरुख अली (16वें मिनट), राहुल यादव (18वें मिनट) और केतन कुशवाहा (20वें मिनट) ने गोल कर 7-3 से शानदार जीत सुनिश्चित कर दी.

पहले दिन ही भारत ने ओमान को रौंदा

इससे पहले दिन के पहले मुकाबले में भारत ने मेजबान ओमान को 10-1 से रौंद दिया. गर्ल्स कैटेगरी के मुकाबले में भारत और चीन के बीच पहले हाफ तक मुकाबला 3-3 की बराबरी पर था. दूसरे हाफ में चीन ने खेल पर पूरी तरह नियंत्रण स्थापित कर लिया.

गुओ जियाशिन ने 13वें और 20वें मिनट में गोल कर अपनी हैट्रिक पूरी की, जबकि लू तोंगतोंग ने भी 20वें मिनट में अपना दूसरा गोल दागकर चीन को 6-3 से जीत दिला दी. यह प्रतियोगिता अगले वर्ष होने वाले पहले एफआईएच यूथ हॉकी फाइव्स विश्व कप के लिए एशियाई क्वालीफायर भी है.

विज्ञापन



Source link

Scroll to Top