नई दिल्ली। अनिल अग्रवाल ने हाल ही वेदांता का डिमर्जर किया। जिस दिन अलग-अलग कंपनियां लिस्ट हुई थी उस दिन अनिल अग्रवाल ने आगे भी डिविडेंड देने की बात कही थी। दिग्गज एल्युमीनियम कंपनी वेदांता एल्युमीनियम मेटल लिमिटेड (VAML Dividend) के बोर्ड ने गुरुवार, 30 जुलाई 2026 को हुई अपनी बैठक में शेयरधारकों और कर्मचारियों के लिए बड़े फैसलों पर मुहर लगा दी है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए भारी-भरकम अंतरिम डिविडेंड (Vedanta Dividend Share) की घोषणा की है, साथ ही कर्मचारियों के लिए नई शेयर योजनाएं भी शुरू की हैं।
वेदांता एल्यूमिनियम शेयरो में 4 फीसदी की तेजी देखने को मिली। यह 457 रुपये के आसपास ट्रेड कर रहा था।
निवेशकों के लिए ₹3,128 करोड़ का तोहफा
कंपनी द्वारा स्टॉक एक्सचेंज को दी गई जानकारी के अनुसार, बोर्ड ने ₹1 की फेस वैल्यू वाले प्रत्येक इक्विटी शेयर पर ₹8 का पहला अंतरिम डिविडेंड देने की मंजूरी दी है। इस फैसले से कंपनी के खजाने से कुल ₹3,128.55 करोड़ की राशि डिविडेंड के रूप में बांटी जाएगी।
कंपनी ने इस डिविडेंड के भुगतान के लिए 05 अगस्त, 2026 को ‘रिकॉर्ड डेट’ तय किया है। इसका मतलब है कि इस तारीख तक कंपनी के रिकॉर्ड में शामिल शेयरधारकों को ही इस लाभांश का लाभ मिलेगा।
कर्मचारियों के लिए ESOP और ESPP स्कीम
निवेशकों के साथ-साथ कंपनी ने अपने कर्मचारियों को भी बड़ा रिवॉर्ड देने का फैसला किया है। बोर्ड ने ‘वेदांता एल्युमीनियम मेटल लिमिटेड एम्प्लॉई स्टॉक ऑप्शन प्लान 2026’ (VAML ESOP 2026) और ‘एम्प्लॉई शेयर परचेज प्लान 2026’ को मंजूरी दे दी है।
इस योजना के तहत कंपनी अपनी कुल चुकता शेयर पूंजी का 5% तक हिस्सा पात्र कर्मचारियों को विकल्पों के रूप में दे सकती है। इसे लागू करने के लिए एक ट्रस्ट (VAML ESOS Trust) बनाया जाएगा, जो ओपन मार्केट से शेयर खरीदेगा। ESOP के तहत शेयरों का मूल्य ₹1 (फेस वैल्यू) या बोर्ड द्वारा तय अन्य मूल्य पर होगा।


