‘उपकप्तान होना टीम में बने रहने की गारंटी नहीं,’ मोहम्मद कैफ ने तिलक वर्मा को चेताया, Cricket Hindi News


मोहम्मद कैफ ने तिलक वर्मा को अपना प्रदर्शन बरकरार रखने की सलाह दी है। उन्होंने कहा है कि अगर फॉर्म खराब हुई तो उन्हें टीम से बाहर बैठाया जा सकता है।

भारत और आयरलैंड के बीच होने वाली टी20 सीरीज में तिलक वर्मा को टीम का नया उपकप्तान बनाया गया है। चयनकर्ताओं ने टी20 विश्व कप का खिताब जीतने वाली टीम की लीडरशिप में बदलाव कर दिया है। सूर्यकुमार यादव की जगह श्रेयस अय्यर को टीम की कमान सौंपी गई। पूर्व कप्तान को स्क्वॉड से भी बाहर कर दिया गया क्योंकि वह खराब फॉर्म से जूझ रहे थे। वहीं अक्षर पटेल भी उपकप्तान के पर मौजूद थे लेकिन अय्यर के कप्तान बनते ही उनकी जगह तिलक वर्मा को वाइस कैप्टन बनाया गया है।

उपकप्तान की भी जगह खतरे में

मोहम्मद कैफ ने तिलक को चेताया है कि वे उप-कप्तानी को भारत की टी20 टीम में स्थायी जगह की गारंटी न समझें। पूर्व भारतीय बल्लेबाज ने जोर देकर कहा कि चयन के लिए प्रदर्शन ही एकमात्र मापदंड है, भले ही खिलाड़ी किसी भी नेतृत्व भूमिका में हो। भारतीय टीम में पिछले कुछ समय से नया ट्रेंड चला है, जहां लीडरशिप ग्रुप का हिस्सा होने के बावजूद टीम में आपकी जगह पक्की नहीं होती। उदाहरण के तौर पर शुभमन गिल कई टी20 सीरीज के दौरान बतौर उपकप्तान खेल रहे थे लेकिन टी20 विश्व कप का हिस्सा नहीं थे और अब अक्षर पटेल के साथ भी ऐसा हुआ।

मोहम्मद कैफ ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, ”तिलक वर्मा उपकप्तान है, हां लेकिन उपकप्तान पहले भी ड्रॉप हुए हैं। अगर तिलक यह सोचने लगें कि ‘मैं उपकप्तान हूं, मेरी जगह सुरक्षित है,’ तो भारतीय टीम इस तरह से काम नहीं करती है। अगर उन्हें लगातार खेलना है तो अपनी फॉर्म बनाए रखनी होगी। फॉर्म में थोड़ी भी गिरावट आई तो उन्हें बाहर बैठाया जा सकता है। इससे पहले अक्षर पटेल उप-कप्तान थे। आप याद करेंगे कि अब वे उप-कप्तान नहीं हैं। टीम अब तिलक के साथ आगे बढ़ चुकी है।”

वैभव को नहीं मिला मौका

भारत ने आयरलैंड के खिलाफ पहले टी 20 में शुक्रवार को टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी इस मैच में नहीं खेलेंगे। भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतने के बाद कहा, ” यह हमारे लिए नई पिच है और बेलफास्ट में हममें से अधिक लोगों ने पहले नहीं खेला है इसलिए हम पहले गेंदबाज़ी करना चाहते हैं। उन्होंने (गौतम गंभीर) खिलाड़ियों को खुलकर खेलने की सलाह दी है। हमें परिस्थितियों में जल्द से जल्द ढलना होगा। हमारा अभ्यास सत्र काफ़ी अच्छा रहा। हम एक समय में एक मैच के बारे में ही सोचना चाहते हैं। मैं हमेशा यही कहता हूं कि चीज़ों को सिंपल रखना है और वर्तमान में बने रहने की कोशिश करनी है। वैभव सूर्यवंशी आज नहीं खेल रहे हैं। हमारे दल में काफ़ी अनुभव है और कई खिलाड़ी ऐसे हैं जिन्होंने हालिया समय में भारत के लिए काफ़ी अच्छा किया है। फ़िलहाल हम तीन तेज़ गेंदबाज़ और एक ऑलराउंडर के साथ जा रहे हैं।”



Source link

Scroll to Top