अक्षरा सिंह की बॉलीवुड में बैक-टू-बैक एंट्री, क्या हिंदी फिल्मों में ‘हिट मशीन’ बन रहे हैं भोजपुरी स्टार्स? – Akshara Singh back to back entry Bollywood Movie Bhojpuri stars hit machine Hindi films tmovg


भोजपुरी सिनेमा के कलाकारों का डंका अब सिर्फ यूपी-बिहार तक ही नहीं, बल्कि मायानगरी मुंबई से लेकर साउथ फिल्म इंडस्ट्री तक जोर-शोर से बज रहा है. हाल ही में भोजपुरी क्वीन अक्षरा सिंह ने बॉलीवुड के खिलाड़ी कुमार यानी अक्षय कुमार की मल्टी-स्टारर कॉमेडी फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ से हिंदी सिनेमा में एक धमाकेदार शुरुआत की है. खुद अक्षरा सिंह ने इस बड़े प्रोजेक्ट को अपने करियर का एक शानदार टर्निंग पॉइंट माना है, और इसके तुरंत बाद उनके हाथ एक और बड़ी फिल्म लग चुकी है. 

फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ के मजेदार गाने ‘घिस घिस घिस’ में अक्षय कुमार के साथ अक्षरा सिंह का देसी और एनर्जेटिक अंदाज दर्शकों को बेहद पसंद आया, और यह गाना सोशल मीडिया से लेकर चार्टबस्टर लिस्ट तक पर एक बड़ा हिट साबित हुआ है. अक्षरा सिंह की यह कामयाबी इस बात का साफ इशारा है कि अब मेनस्ट्रीम की बड़ी फिल्मों में भोजपुरी स्टार्स और वहां के गानों की डिमांड काफी बढ़ गई है, जो फिल्म के बिजनेस और रीच को एक नए मुकाम पर ले जा रही है.

बॉलीवुड-भोजपुरी सिनेमा का क्रॉसओवर
फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ का गाना ‘घिस घिस घिस’ इन दिनों हर तरफ छाया हुआ है. ट्रेड एनालिस्ट्स और फिल्म पंडितों का मानना है कि बॉलीवुड और भोजपुरी इंडस्ट्री के बीच अब तक का यह सबसे बड़ा क्रॉसओवर है. जहां पहले भोजपुरी गानों और कलाकारों को एक खास दायरे तक सीमित माना जाता था, वहीं अब अक्षय कुमार जैसे ए-लिस्ट सुपरस्टार के साथ स्क्रीन शेयर करके अक्षरा सिंह ने इन दूरियों को पूरी तरह मिटा दिया है. इस गाने की सफलता ने मेकर्स को यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि भोजपुरी तड़का किसी भी फिल्म को बड़े पैमाने पर प्रमोट करने का जरिया बन चुका है.

अक्षरा सिंह के हाथ लगी बड़ी फिल्म
फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ के अलावा अक्षरा सिंह के हाथ एक और बड़ी फिल्म लगी है. जिसकी एक झलक ने सोशल मीडिया पर गदर काटा हुआ है. जी हां, हम बात कर रहे हैं, मैडॉक फिल्म्स की ‘ईठा’. जिसमें श्रद्धा कपूर लीड रोल में नजर आएंगी. दिलचस्प बात ये है कि आखिरी बार जब मैडॉक की फिल्म में श्रद्धा नजर आई थी, तो उसमें भी तगड़ा भोजपुरी कनेक्शन निकल कर सामने आया था.

बॉक्स ऑफिस पर करीब 880 करोड़ रुपये कमाने वाली स्त्री 2 में भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह ने हिट गाना ‘आई नई’ (खेत में तू आई नहीं) गाया था. यह फ्यूजन गाना वायरल हो गया और इस हॉरर-कॉमेडी ब्लॉकबस्टर फिल्म में एक खास देसी अंदाज जोड़ दिया था.  ये गाना इतना वायरल हुआ कि इसने ऑडियंस को सिनेमाघरों तक आने पर मजबूर कर दिया. अब देखना होगा कि क्या पवन सिंह के बाद अक्षरा सिंह भी श्रद्धा कपूर के लिए लकी होती है या नहीं.

मेनस्ट्रीम सिनेमा में बढ़ी डिमांड
एक समय था जब भोजपुरी सिनेमा के अंदाज को बहुत रीजनल या ‘ठेठ’ मानकर मुख्यधारा की फिल्मों से थोड़ा अलग रखा जाता था. लेकिन आज वक्त पूरी तरह बदल चुका है. अब यह अंदाज बिल्कुल भी सीमित नहीं रह गया है, बल्कि बड़े पर्दे की फिल्मों में धीरे-धीरे अपने पैर पसार रहा है. यही वजह है कि आज के समय में पावरस्टार पवन सिंह, ट्रेंडिंग स्टार खेसारी लाल यादव, मंझे हुए एक्टर  रवि किशन और अक्षरा सिंह जैसे तमाम भोजपुरी दिग्गज पैन-इंडिया लेवल पर मेकर्स की पहली पसंद बनते जा रहे हैं.

सिनेमा की दुनिया में किसी भी कलाकार की डिमांड उसके स्टारडम और बॉक्स ऑफिस पर उसकी पकड़ से तय होती है. यूपी, बिहार और झारखंड जैसी विशाल ‘नॉर्थ बेल्ट’ में भोजपुरी कलाकारों की फैन फॉलोइंग किसी भी बड़े बॉलीवुड स्टार से कम नहीं है. जब ये चेहरे किसी हिंदी या साउथ की फिल्म का हिस्सा बनते हैं, तो इन राज्यों के सिंगल स्क्रीन थिएटर्स और मल्टीप्लेक्स में दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ती है.

हाल के दिनों में देखा गया है कि जिन भी फिल्मों में भोजपुरी स्टार्स की एंट्री हुई है या उनके कैमियो-आइटम नंबर्स रखे गए हैं, उनकी एडवांस बुकिंग और ओपनिंग डे कलेक्शन में उछाल देखने को मिला है. यह स्टार्स अब फिल्मों की बंपर कमाई की एक बड़ी वजह बन रहे हैं.

—- समाप्त —-



Source link

Scroll to Top